जम्मू. पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के शीर्ष आतंकवादी को सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में मार गिराया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान डोडा जिले के बात्यास इलाके की घेराबंदी कर सोमवार की रात तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस और 26 राष्ट्रीय रायफल्स के जवानों ने आतंकियों के ठिकाने पर निशाना बनाया जहां यूनाइटेड जेहाद काउंसिल आतंकवादियों की बैठक चल रही थी।
दोनों तरफ से गोलियों की बौछार शुरू हो गई और इसमें डीविजनल हिज्ब कमांडर गुलाम हसन वानी उर्फ शमीम थूल मारा गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल, सेटेलाइट फोन, ग्रिनेड और वायरलेस सेट बरामद किया।
ऑपरेशन अभी भी जारी है। सूत्रों के अनुसार थूल 1992 में हिजबुल संगठन से जुड़ा था और पाकिस्तान के आतंकी कैंप और अफगानिस्तान के खोस्त में प्रशिक्षण प्राप्त किया था। यह जम्मू कश्मीर में सबसे उम्रदराज आतंकी था।