नई दिल्ली: कांग्रेस ने मंगलवार को उन खबरों का खंडन किया है जिसमें कहा गया है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख का उत्तराधिकारी चुनने के लिए किसी पैनल का गठन किया गया है।
वरिष्ठ पार्टी नेता और गृह राज्यमंत्री शकील अहमद ने कहा कि पैनल के गठन की खबरें महज अफवाह से अधिक कुछ नहीं है।
इससे पहले आई खबरों में कहा गया था कि कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख की राज्य में स्थिति और उनके उत्तराधिकारी की तलाश के लिए एक तीन सदस्यीय पैनल का गठन किया गया है।
ज्ञातव्य है कि रविवार को तो देशमुख को हटाए जाने की अफवाहें जोरों पर थीं। इस बार में अंतिम निर्णय राज्य विधानसभा के बजट सत्र के बाद लिए जाने की बात कही गई थी।
हाल फिलहाल जारी बजट सत्र की अंतिम तिथि अभी तक तय नहीं की गई है। 10 अप्रैल को व्यापार मामलों की समिति इस बाबद कोई निर्णय लेगी।