bhaskar Web English
HomeNewsNational National

कश्मीर पर गतिरोध के बावजूद जारी रहेगा सहयोग

इस्लामाबाद: कश्मीर मुद्दे को ‘दरकिनार’ करने की बात से साफ इनकार करते हुए पाकिस्तान की नई सरकार ने कहा है कि इस मसले पर गतिरोध के बावजूद भारत के साथ सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति जारी रहेगी।

न्यूज चैनल ‘डॉन’ को दिए इंटरव्यू में पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह मेहमूद कुरैशी ने कहा, ‘हमें लगता है कि व्यापार जैसे कुछ क्षेत्र हैं, जिनमें हमें आपसी बेहतरी के लिए आगे बढ़ना चाहिए। लेकिन पाक के इस नए रुख का मतलब यह नहीं निकाला जाना चाहिए कि कश्मीर मामले को एक तरफ रख दिया जाएगा। हम कश्मीर मामले को भूल नहीं सकते। यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है।’

कुरैशी ने कहा, ‘पाकिस्तान क्षेत्रीय स्थिरता, अमन और भारत के साथ बेहतर समझ चाहता है, ताकि दुनिया के इस क्षेत्र और इसकी अवाम के फायदे के लिए हम मिलकर काम कर सकें।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों के बीच संयुक्त बातचीत के एजेंडे में कश्मीर मामला शामिल है और शांति, सुरक्षा और स्थिरता के साथ ही यह मसला सबसे ऊपर है।

रबर स्टाम्प नहीं बनेगी संसद : पाक नेशनल असेंबली की अध्यक्ष फहमिदा मिर्जा ने कहा है कि संसद को महज रबर स्टाम्प नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश को संसद में कानून पारित करके चलाया जाएगा न कि अध्यादेशों के जरिए। एसोसिएट प्रेस ऑफ पाकिस्तान ने फहमिदा के हवाले से कहा कि अवाम अपनी समस्याओं के हल के लिए संसद की ओर देख रही है और चाहती है कि आतंकवाद समेत सभी अहम कौमी मसलों पर संसद में बहस हो।

सुप्रीम कोर्ट जाएंगे आतंकी संगठन : लश्कर-ए-तैयबा के पूर्व प्रमुख हाफिज मुहम्मद सईद ने कहा है कि राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा प्रतिबंधित आतंकी संगठन अपने ऊपर लगी इस रोक को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे। जमात-उद-दावा नामक संगठन का नेतृत्व कर रहे सईद ने कहा, ‘मुशर्रफ ने प्रतिबंध लगाने का कदम अमेरिका को खुश करने के लिए उठाया था और अब यह साफ हो चुका है कि अवाम ने उनकी नीतियां नकार दी हैं।’

भारतीय कलाकारों को नहीं मिला वीजा पाकिस्तान जाने के लिए कई भारतीय कलाकारों और प्रतिनिधियों को वीजा नहीं मिलने से लाहौर में 21 अप्रैल से प्रस्तावित भारत-पाक ‘पंज पानी रंगमंच महोत्सव’ स्थगित कर दिया गया है। महोत्सव के आयोजनकर्ता अजोका थियेटर की निदेशक मदीहा गौहर ने समाचार पत्र ‘डेली टाइम्स’ से बातचीत में कहा, ‘मैं पाकिस्तानी अधिकारियों के इस रवैए की आलोचना करती हूं।’ वीजा जारी करने में देरी की वजह से इस महोत्सव को दूसरी बार स्थगित किया गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: