मुलताई. मुलताई के इंदिरा गांधी वार्ड में मंगलवार दोपहर एक युवक ने अपनी दो बहनों को रिवाल्वर से गोली मारकर स्वयं को भी गोली मार ली। दोनों युवतियों की तत्काल मौत हो गई। युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए नागपुर ले जा जाया गया। पुलिस के मुताबिक सतीश पिता भीमू कड़वे मुंबई में नेवी में सिक्यूरिटी गार्ड पदस्थ था।
पिछले 15 दिनों से वह मुलताई आया हुआ था। दोपहर में सतीश ने पारिवारिक विवाद के कारण अपनी बहन मनीषा उर्फ राधा (22) और निशा उर्फ गुड्डी (20) के सिर पर रिवाल्वर से गोली मार दी जिससे दोनों की तत्काल मौत हो गई। इसके बाद सतीश ने अपने पिता को टेलीफोन पर उक्त घटना की सूचना देते हुए स्वयं आत्महत्या करना बताया। जब तक उसके पिता भीमू घर पहुंचते सतीश स्वयं को भी गोली मार चुका था।
घटना के समय घर में तीनों भाई-बहन ही थे। मां खेत पर काम करने गई थी। पड़ोसियों ने सतीश को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागपुर ले जाया गया। बताया जाता है कि सतीश सऊदी अरब जाना चाहता था। आर्थिक तंगी से परेशान था। इसी को लेकर विवाद होता था। थाना प्रभारी चौधरी मदनमोहन ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।