इंदौर. गवर्नमेंट आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज (जीएसीसी) अग्निकांड की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। जांच कर रहे एसडीओ चंद्रमौलि शुक्ल ने सार्वजनिक नोटिस जारी किया है जिसमें लिखा है अग्निकांड से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, सूचना अथवा आपत्ति आठ दिन में कलेक्टोरेट में दी जा सकती है। इधर, आग की मजिस्ट्रियल जांच शुरू होने और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्राचार्य के निलंबन के बाद कॉलेज में सन्नाटा रहा।
प्रोफेसर व कर्मचारी इस विषय में बात करने से बचते रहे। मामले में जांच अधिकारी व एसडीओ चंद्रमौलि शुक्ल ने कहा हमने नोटिस जारी किया है कि अग्निकांड से संबंधित किसी के पास जानकारी हो तो वह दे सकता है।
चक्कर काटते रहे छात्र : छात्रवृत्ति के लिए कॉलेज में 15-20 छात्र पहुंचे। पहले तो वे परिसर में घूमते रहे फिर प्रोफेसरों से कहा छात्रवृत्ति कब मिलेगी। इस पर प्रोफेसरों ने जवाब दिया नए प्राचार्य के आने पर उनके हस्ताक्षर से ही छात्रवृत्ति मिल सकेगी। बीए सेकंड ईयर के बीजलपुर से आए छात्र राजेंद्र पाटिल ने बताया प्राचार्य के न होने से छात्रवृत्ति नहीं मिल सकी। बीए फाइनल ईयर के महेंद्र वानखेड़े ने बताया छात्रवृत्ति लेने दो बार आ चुका हूं लेकिन कोई जवाब ही नहीं मिला।