HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

बिजली चोरी, अब नहीं चलेगी सीना-जोरी

रायगढ़. एक तरफ जहां प्रदेश के मुखिया डा. रमन सिंह ने हाल ही में बिजली कटौती नहीं किए जाने की बात कही थी। वहीं, चोरी के जरिए बिजली का उपयोग करने वालों पर सीएसईबी ने कार्रवाई की ठान ली है। मंडल का मानना है कि उनके सब स्टेशन से जितनी मात्रा में बिजली सप्लाई होती है। उसके आधी विद्युत चोरी के हिस्से में चली जाती है।

मंडल के खास निर्देश है कि अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वाले आगामी 10 दिनों के भीतर कनेक्शन नियमित करवा लें अन्यथा उस पूरे इलाके की बिजली काट दी जाएगी। यहीं नहीं विभागीय टीम के अलावा विजिलेंस की यहां छापामार कार्रवाई भी होगी।

हुकिंग से होती है जहां बिजली रोशन >>
शहर के कुछ इलाके ऐसे हैं जहां कुछेक घरों को छोड़ दिया जाए तो अमूमन पूरे मोहल्ले में लंगर लेकर बिजली चोरी की जाती है। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शहर के रींयापारा, अंबेडकर नगर, आईटीआई के समीप अंबेडकर आवास, पंजरीप्लांट, प्रेमनगर, जगतपुर, ढिमरापुर, दीनदयाल कालोनी, सोनिया नगर, मिट्ठूमुड़ा, राजीव नगर, इंदिरानगर, सोनूमुड़ा, जेलपारा, रामभांठा, धांगरडीपा आदि मोहल्ले हुकिंग से बिजली चुराते हैं। इन मोहल्लों के विद्युत खंभे व उससे गई हाई वोल्टेज तार में इनके द्वारा बांस-बल्ली के सहारे तार अपने घरों तक खींचा जाता है।

55 फीसदी होती है चोरी व लाइन लास >>
शहर में बिजली चोरी का आलम यह है कि जहां पूरे मोहल्ले के मोहल्ले विद्युत चोरी कर अपने घरों में टीवी, कूलर चलाते हैं तो वहीं हीटर से दोनों वक्त खाना बनाया जाता है। अंबेडकर नगर, अंबेडकर आवास, जगतपुर, मिट्ठुमुड़ा, धांगरडीपा जैसे कुछ मोहल्ले ऐसे हैं। जहां समूचा मोहल्ला बिजली चोरी पर आश्रित है।

विद्युत विभाग का मानना है कि 21 हजार उपभोक्ता रायगढ़ शहर में प्रति माह 54 लाख यूनिट बिजली की खपत होती है। 10 से 15 प्रतिशत यूनिट गर्मी के मौसम में बढ़ जाता है। लेकिन, खर्च यूनिट का 55 फीसदी हिस्सा चोरी सहित लाइन लास के खाते में जाता है। विभाग 47 फीसदी रीडिंग ले पाती है। जिसमें केवल 15 यूनिट का पैसा मिलता है शेष बकायादार उपभोक्ता के श्रेणी में आते हैं। विभाग रुटिन वसूली आदि को मिलाकर मंडल को 17-18 यूनिट का ही भुगतान कर पाता है।

चलाई जाएगी विशेष मुहिम >>
विद्युत विभाग एक बार फिर मंडल अध्यक्ष राजीव रंजन के निर्देश पर अवैध कनेक्शन धारियों के खिलाफ विशेष मुहिम चलाने जा रही है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक पूर्व के अनुभव बताते हैं कि कई मोहल्ले में अपने आप को गरीबी रेखा से नीचे बताकर लोग एकल बत्ती कनेक्शन खींच लेते हैं। विभाग द्वारा कार्रवाई किए जाने पर वार्ड जनप्रतिनिधि के अलावा नेताओं से एप्रोच लगाकर बिजली यूज करते हैं।

विभाग का कहना है कि अगर एकल कनेक्शन धारी अपना बीपीएल कार्ड मंडल को प्रस्तुत करतें हैं तो नियमत: उन्हें विभाग की ओर से कनेक्शन दिया जाएगा। किंतु एकल बत्ती कनेक्शन के आड़ में कई मोहल्ले चोरी की बिजली का उपयोग कर रहे हैं। अभी हाल ही में विद्युत गड़बड़ी की शिकायत पर बैकुंठपुर वार्ड में मरम्मत करने गए मंडल के अधिकारी के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। तो वहीं लगभग 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की गई। जिसमें कुछ मामले न्यायालय में लंबित है। अधिकारी बताते हैं कि इस बार मुहिम के दौरान पुलिस व जिला प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा।

मंडल का आदेश प्राप्त हो चुका है। अभियान के दौरान गत दिनों बकायादारों के काटे गए कनेक्शन की भी जांच की जाएगी। बिना भुगतान के बिजली का उपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
-पीवी संजीव,कार्यपालन यंत्री (संचार एवं सुधार), सीएसईबी, रायगढ़





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: