कोटा. थोक सब्जीमंडी में माशाखोरों को हटा रहे मंडी कर्मचारियों पर थोक व्यापारी व उसके साथियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें तीन कर्मचारी घायल हो गए, इनमें से एक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के विरोध में मंडी कर्मचारी हड़ताल पर उतर गए हैं।
मंडी सचिव के निर्देश पर सुबह 6 बजे सुपरवाइजर श्रीनाथ गौतम, शिवशंकर, घनश्याम दुबे, प्रभुदयाल, नरेशसिंह हाड़ा, हरेंद्रसिंह व गार्ड गेट नम्बर 1 के सामने बीच रास्ते में बैठे माशाखोरों को साइड में बिठा रहे थे। उन्होंने थोक विक्रेता कैलाश मीणा की दुकान के आगे बैठे माशाखोर राहुल उर्फ भूरिया को साइड में बैठने के लिए समझाया तो कैलाश मीणा ने इस पर एतराज जताया। कर्मचारियों से मामूली कहासुनी पर मीणा ने अपने साथियों के साथ मिलकर तलवार व गंडासों से कर्मियों पर हमला कर दिया। इसमें घनश्याम के सिर में गंभीर चोट आई।
घनश्याम को साथियों ने एमबीएस में भर्ती कराया। पुलिस ने कैलाश मीणा, प्रकाशचंद, महेश, रामू, शांतिलाल, मलखान व एक अन्य के खिलाफ मारपीट व राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।
संरक्षण मिला तो आने लगे
दो साल पहले जब मंडी को स्थानान्तरित किया गया था। इस दौरान प्रशासन ने माशाखोरों को यार्ड दो में जगह दी थी। तो कुछ आढ़तियों ने इन्हें मासिक किराये पर अपनी दुकानों के आगे जगह दे दी।
भास्कर ने चेताया
‘भास्कर’ ने समय-समय पर माशाखोरों के मंडी में बढ़ते जमावाड़े से बिगड़ते माहौल के प्रति मंडी प्रशासन को चेताया था। इसके बाद भी मंडी प्रशासन ने इसे कभी गंभीरता से नहीं लिया। सोमवार को भी मंडी में जगह को लेकर माशाखोरों और किसानों के बीच हुई तकरार के बाद मंडी के गेट बंद करने की घटना को भी मंडी प्रशासन ने बहुत मामूली ढंग से लिया।
मंडी कर्मचारी हड़ताल पर
हमले के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर मंडी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। कृषि उपज मंडी कर्मचारी संघ के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीनाथ गौतम एवं अध्यक्ष कमल गोस्वामी ने कलेक्टर, एडीएम, एसपी एवं एडीशनल एसपी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मंडी सचिव को ज्ञापन देकर आरोपी मालिक की फर्म का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।
फर्म का लाइसेंस निलंबित
कृषि उपज मंडी समिति की चेयरमैन संतोष बैरवा ने बताया कि मंडी कर्मचारी दुबे पर हमले के आरोपी कैलाश मीणा की फर्म कैलाश फ्रूट एंड वेजीटेबल एवं मैसर्स छोटूलाल मीणा का लाइसेंस 14 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है।