HomeNewsRajasthanKota Kota

दाल मिल के मैनेजर पर फायर

कोटा. fireमहावीर नगर प्रथम में मंगलवार सुबह मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने चंबल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक दाल मिल के मैनेजर पर रिवाल्वर से फायर कर दिया। हालांकि, हमलावारों का निशाना चूक गया और गोली करीब से निकल गई लेकिन मोटरसाइकिल से गिरने के कारण मैनेजर घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सर्किल इंस्पेक्टर (सीआई) हनुमंतसिंह नाथावत ने बताया कि रंगबाड़ी निवासी मैनेजर चंद्रशेखर तिवारी सुबह 10 बजे मिल के चालक रघु के साथ मोटरसाइकिल से ऑफिस जा रहे थे। नारकोटिक्स विभाग के कार्यालय के समीप वाली सड़क पर बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

उन युवकों ने दो बार उन्हें क्रॉस किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल के पीछे बैठे युवक ने रिवाल्वर निकाला और तिवारी की ओर तान दिया। यह देख तिवारी ने मोटरसाइकिल चला रहे रघु को धक्का दिया। इससे उनकी मोटरसाइकिल का नियंत्रण बिगड़ गया। इसी बीच हमलावर ने उन पर फायर कर दिया। गोली तिवारी के करीब से निकल गई।

रघु व तिवारी फायरिंग के बाद नीचे गिर पड़े और हमलावर औद्योगिक क्षेत्र की ओर फरार हो गए। नीचे गिरने से तिवारी के चेहरे पर चोटें आईं। उसने घटना की सूचना कंपनी और विज्ञाननगर पुलिस को दी। कुछ ही देर में डीएसपी पवन जैन व सीआई नाथावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मैनेजर को मेडिकल परीक्षण के लिए एमबीएस अस्पताल पहुंचाया और मामला दर्ज कर अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। चंद्रशेखर को कुछ बदमाशों के फोटो भी दिखाए गए लेकिन, वह पहचान नहीं सके हैं। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।

ऐसे थे हमलावर
सीआई नाथावत ने बताया कि हमलावर करीब 24 -25 साल के हैं। उनका कद करीब 5 फीट 7 इंच है। बाइक चला रहे युवक ने सफेद व गोली चलाने वाले युवक ने नीली शर्ट पहन रखी थी।

क्यों हुई घटना
मैनेजर चंद्रशेखर ने बताया कि उससे किसी की कोई रंजिश नहीं है। जिस कंपनी में वह काम करता है, वहां कई लोगों को नौकरी देनी होती है और शिकायत आने पर हटाना भी पड़ता है। ऐसे में वह लोग भी दुश्मनी रख सकते हैं या फिर संभवत: यह हमला प्रतिस्पर्धा के कारण हुआ है।

शहर में नाकाबंदी
शहरभर में नाकाबंदी कर दी गई। पुलिस चौराहों पर मोटरसाइकिल सवार युवकों को रोककर पूछताछ कर रही है। बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल की विशेष ध्यान रखा जा रहा है। संदिग्ध युवकों से भी पूछताछ की गई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: