अजमेर. राज्य सरकार ने अजमेर संभाग में ग्रीष्मकालीन पेयजल योजना के लिए 17 करोड़ 55 लाख 59 हजार रुपये की मंजूरी दी है। एसई अनिल भार्गव के अनुसार अजमेर जिले के लिए 1 करोड़ 25 लाख 9 हजार, भीलवाड़ा के लिए 5 करोड़ 46 लाख 90 हजार, नागौर के लिए 6 करोड़ 22 लाख 15 हजार और टोंक के लिए 4 करोड़ 61 लाख 45 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अन्तर्गत अजमेर में दो ट्यूब वैल लगाए जाएंगे, 248 हैंडपंप खोदे जाएंगे और 6 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जाएगी, वहीं 548 ग्रामीण व शहरी इलाकों में टैंकरों से पेयजल परिवहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अजमेर में योजना के तहत टैंकर से पेयजल परिवहन और हैंडपंप खुदाई कार्य इसी सप्ताह शुरू कर दिए जाएंगे।
कोताही पर कार्रवाई
प्रमुख शासन सचिव एसएन थानवी ने अफसरों को ग्रीष्म ऋतु में पेयजल व्यवस्था के पर्याप्त प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। थानवी ने एसई को लिखे पत्र में कहा है कि पेयजल व्यवस्था के लिए जो भी आवश्यकता होगी, सरकार उसे पूरा करेगी जनता से पेयजल किल्लत की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने साप्ताहिक समीक्षा कर रिपोर्ट सरकार को प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।