नागपुर.
पहली नजर में देखकर आप शायद सोचें कि सिर्फ वह 4-5 महिनों की लड़की है। लेकिन आप पूरी तरह से गलत हैं। 15 साल की ज्योति स्कूल जाती है। 23.5 इंच लंबी ज्योति अम्गे दुनिया की सबसे छोटे कद वाली लड़की है। उसका वजन भी महज 5.25 किलो है।
ज्योति की हिम्मत की दाद देनी होगी। उन्हें अपने कद से कोई शिकायत नहीं है बल्कि इस बारे में पूछे जाने पर वे खुशी-खुशी कहती है कि मेरे घरवाले और दोस्त मुझे बहुत प्यार करते हैं और मैं जैसी भी हूं बहुत खुश हूं।
ज्योति को आर्कषण का केन्द्र बने रहना बहुत पसंद है। इस बारे में बात करते हुए कहती हैं कि हो सकता है कि मुझे और मेरे परिवार वालों को मेरे कद की वजह से नाम मिल जाएं।
ज्योति बॉलीवुड में काम करना चाहती है। इस बारे में बात करते हुए वे कहती है कि मैं हीरोइन बनना चाहती हूं और इसके लिए मैं जल्द ही अभिनय क्लास भी ज्वाइन करुंगी। एक न्यूज चैनल में ज्योति को देखने के बाद पॉप सिंगर मीका ने तुरंत ही उन्हें म्यूजिक एलबम में काम दिया है। मीका की तारीफ करते हुए ज्योति कहती हैं कि मीका बहुत अच्छे हैं हो सकता है मुझे वे ही शोहरत दिला दें।
पिछले साल ही ज्योति का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ड किया गया है। जल्द ही गिनीज बुक में भी उसका नाम आ जाएगा। ज्योति के परिवार वालों ने बताया कि जन्म के कुछ महिनों बाद से ही उसका विकास रुक गया।