जोधपुर.
खास बाग होटल के पास मोतीलाल बिल्डिंग में बुधवार शाम नकाबपोश ने एक युवती को बेहोश कर करीब बीस तोला सोने के जेवरात और लगभग बीस-पच्चीस हजार रुपए की लूटपाट की। यह वारदात पुलिस लाइन और एसपी ऑफिस से चंद कदम फासले पर ही हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और लुटेरे की तलाश शुरू की, देर रात तक कोई सुराग नहीं लगा। इस बिल्डिंग में रहने वाले ललित कुमार पंवार बाड़मेर के एक गांव में प्रिंसिपल हैं और वे वहां गए हुए थे। उनकी पत्नी राजश्री स्वीमिंग कोच है, पुत्री गरिमा भी स्वीमिंग चैंपियन है। वह एमए फाइनल में पढ़ती है।
बुधवार शाम राजश्री स्वीमिंग सिखाने के लिए साढ़े चार बजे गोशाला मैदान चली गई। गरिमा घर में कपड़े धो रही थी। पौने पांच बजे नकाबपोश युवक दरवाजे की कुंडी तोड़कर दरवाजा खोल भीतर आ गया। उसने हाथों में दस्ताने भी पहन रखे थे। आवाज सुन कर गरिमा ऊपर आई तो नकाबपोश ने युवती से मारपीट की व क्लोरोफार्म सुंघा कर बेहोश कर दिया। फिर अलमारियां खोल कर लाखों रुपए के जेवरात व नकदी लूट कर ले गया।
चप्पे-चप्पे पर तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर से निकलने वाले रास्तों पर नाकाबंदी कर दी। शहर के भीतर होटलों, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी ली गई।
फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट बुलाए
सूचना मिलते ही आला पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे, उन्होंने गरिमा व उसकी मां से पूछताछ की। बाद में डॉग स्क्वाड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया।
लुटेरे की तलाश की जा रही है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ भी जारी है। लूट का पर्दाफाश जल्दी ही करेंगे।
—मालिनी अग्रवाल,एसपी सिटी, जोधपुर