इंदौर.
सोमवार को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत होने वाले विवाह समारोह में पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी भी हिस्सा लेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। विवाह समारोह के लिए गुरुवार तक 577 जोड़े तय हो चुके थे और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शनिवार तक जारी रहेगी।
विजयनगर स्थित रिलायंस के प्लॉट पर सरकारी शादी का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह स्थल पर श्री आडवाणी के कटआउट व फोटो लगाने की तैयारी की जा रही है। गुरुवार को उनके कुछ फोटो इकट्ठा किए गए जिसे मंच पर लगाया जाएगा। शुक्रवार को विवाह स्थल पर सुबह 11 बजे होने वाली समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में ही श्री आडवाणी व मुख्यमंत्री श्री सिंह के मंच पर लगने वाले फोटो भी चयनित किए जाएंगे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेशचंद्र चौधरी का कहना है विवाह आयोजन से संबंधित लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। रजिस्ट्रेशन की तिथि समाप्त होने पर कुल जोड़ों की जानकारी लग सकेगी। विवाह के लिए विभिन्न समाज के लोगों की मदद भी मिल रही है।