News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. स्वास्थ्य विभाग ने नर्र्सो के बाद अब बहुद्देशीय महिला (एएनएम) और पुरुष (एमपीडब्लू) कार्यकर्ताओं की नियमित भर्ती के लिए हरी झंडी दे दी। भर्ती जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के जरिए होगी। हेल्थ डायरेक्टर डा. प्रमोद सिंह ने इस बारे में जिले के अधिकारियों को जरुरी निर्देश जारी कर दिए।
राज्य बनने के बाद पहली बार महिला और पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की नियमित भर्ती होगी। राज्य में 4600 उप स्वास्थ्य केंद्र हैं। इनमें करीब 2000 पुरुष और 1400 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पद खाली हैं।
महिला और पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता के करीब आधे पद संविदा से भरे गए। शेष पद खाली हैं। इनमें भर्ती के लिए जिला स्तर पर विज्ञापन जारी किए जाएंगे। यह भर्ती भी हाल में हुई नर्र्सो की नियुक्ति की तर्ज पर की जाएगी। केवल शासकीय संस्थानों में एएनएम और एमपीडब्लू का कोर्स करने वाले उम्मीदवारों को ही मौका मिलेगा। शासकीय संस्थानों के उम्मीदवारों की नियुक्ति के बाद पद खाली रहने की दशा में निजी संस्थानों से ट्रेनिंग करने वाले उम्मीदवारों के आवेदनों पर विचार होगा।
स्वास्थ्य विभाग की रीढ़
एमपीडब्लू और एएनएम हेल्थ की रीढ़ माने जाते हैं। भारत सरकार और राज्य शासन हेल्थ के जितने भी कार्यक्रम चलाता है, उन्हें एमपीडब्लू और एएनएम की मदद के बिना अमलीजामा नहीं पहनाया जा सकता। दरअसल ये मैदानी कार्यकर्ता हैं तथा दूरस्थ ग्रामीण इलाकों और स्वास्थ्य सेंटरों में सेतु का काम करते हैं। घर-घर जाकर टीकाकरण से लेकर सभी तरह की वैक्सीन बच्चों को पिलाना और लोगों को सवास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी देकर हेल्थ के सेंटरों तक लाना सारा काम इन्हीं के जिम्मे है।