News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. आईपीएस अफसरों का व्यापक पैमाने पर फेरबदल करने के बाद रमन सरकार अब आईएएस अफसरों के प्रभार में व्यापक पैमाने पर फेरबदल करने जा रही है। गुरुवार को देर शाम तक मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह और मुख्य सचिव शिवराज सिंह इसमें उलझे रहे। दोनों ने वरिष्ठ मंत्रियों से सलाह मशविरा भी किया है।
ऐसी चर्चा थी कि गुरुवार की शाम प्रशासनिक फेरबदल का आदेश जारी हो जाएगा। अफसर इसका इंतजार भी करते रहे, लेकिन इसे तीन-चार दिनों के लिए टाल दिया गया है। अब संभावना इस बात की अधिक है कि छुट्टियों के बाद मंगलवार को आदेश जारी होगा। संकेत हैं कि इस फेरबदल में दर्जनभर से अधिक अफसर प्रभावित होंगे। इनमें सात आईएएस अफसरों का प्रमोशन हो रहा है, इस कारण उनमें से ज्यादातर के वर्तमान प्रभार बदल जाएंगे। इस लिहाज से देखा जाए तो रायपुर कलेक्टर विकासशील का बदला जाना तय है। उनके स्थान पर सोनमणि बोरा या संजय गर्ग को रायपुर लाया जा सकता है। इस बारे में भी अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। विकासशील को रायपुर या बिलासपुर का कमिश्नर बनाए जाने की चर्चा है। रायपुर कमिश्नर के लिए आरपी मंडल, बीएल अग्रवाल, जीएस मिश्रा के नाम भी हैं। बिलासपुर कमिश्नर के लिए विकासशील के अलावा दुर्गेश मिश्रा और मनोज पिंगुआ के नाम की चर्चा है।
सरगुजा के लिए भी दुर्गेश मिश्रा और मनोज पिंगुआ के नामों पर विचार चल रहा है। कहा जा रहा है कि कमिश्नर के नाम तय करने के लिए ही सबसे अधिक मशक्कत करनी पड़ रही है। विभागीय सचिव और कमिश्नर के लिए कुछेक जिलों के कलेक्टर भी इधर से उधर हो सकते हैं। इस कारण इस बार राज्य के वरिष्ठ मंत्रियों से मुख्यमंत्री खुद चर्चा कर रहे हैं। मुख्य सचिव भी मंत्रियों से सलाह मशविरा कर रहे हैं। कुछ मंत्री अपने विभागीय सचिवों से नाराज चल रहे हैं। इस नाराजगी के चलते ही स्वास्थ्य सचिव पी. रमेश कुमार का हटना तय माना जा रहा है। उनके स्थान पर बस्तर विकास आयुक्त आरएस विश्वकर्मा को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दिए जाने के संकेत हैं।
मंत्रियों की मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मुलाकात पर अफसरों की नजर लगी रही। कई अफसर एक-दूसरे से इस बारे में पतासाजी करते रहे। कुछ ने अपने मंत्रियों के जरिए फेरबदल के बारे में जानने का प्रयास किया। मंत्रालय से लेकर रायपुर कलेक्टोरेट तक फेरबदल को लेकर उत्सुकता बनी रही। हालांकि कई अफसरों का मानना है कि कल सूची जारी हो जाएगी लेकिन राज्य शासन की तैयारियों से स्पष्ट हो गया है कि सोमवार तक कुछ नहीं हो सकता। शनिवार, रविवार और सोमवार को अवकाश है। इस कारण मंगलवार को ही फेरबदल का आदेश जारी होने की संभावना है।