News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. मोबाइल सेवा में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के युवाओं ने गुरुवार को बीएसएनएल दफ्तर में धावा बोला। वहां जमकर तोड़फोड़ की। महिला कार्यकर्ताओं ने ने सीजीएम रामयज्ञ को जबरिया चूड़ियां भी पहनाई। सीजीएम ने इसे गुंडागर्दी बताते हुए कहा कि सरकार के आला अफसरों से इसकी शिकायत की जाएगी।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दोपहर नारेबाजी करते हुए खम्हारडीह स्थित बीएसएनल दफ्तर पहुंचे। वे नारे लगाते हुए घुसे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने वहां की कुछ कुर्सियां तोड़ दी। गुलदस्ते बिखेर दिए और कांफ्रेंस हाल के माइक उखाड़ डाले।
सीजीएम का घेराव कर उनके इस्तीफे की मांग करने लगे। प्रदर्शकारियों ने उनका हाथ पकड़ लिया और महिला कार्यकताओं ने उन्हें चूड़ियां पहना दी। असहाय अफसर उन्हें समझाने की कोशिश करते रहे पर शोर-शराबे के बीच उनकी आवाज दबकर रह गई। पुलिस की गैर मौजूदगी में एक घंटे से भी ज्यादा समय तक दफ्तर में जोरदार हंगामा होता रहा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही मोबाइल सेवा दुरुस्त नहीं की गई तो अफसरों को कालिख पोतकर घुमाया जाएगा। श्री श्रीवास्तव का कहना है कि बीएसएनएल का मोबाइल नेटवर्क कई दिनों से खराब चल रहा, लेकिन अफसरों ने कभी इसे गंभीरता से नहीं लिया। पहले भी प्रदर्शन कर इस बारे में अफसरों का चेताया जा चुका था। उनका कहना है कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ी को राज्यभाषा का दर्जा मिल जाने के बाद भी इसे मोबाइल सेवा की एनाउंसमेंट के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है, जबकि महाराष्ट्र, गुजरात आदि में बीएसएनएल वहां की मातृभाषा का उपयोग कर रहा है।
इधर, सीजीएम ने दफ्तर में भाजयुमो के प्रदर्शन को गुंडगर्दी बताते हुए इसकी शिकायत थाने में की है। उनका कहना है कि तोड़फोड़ से काफी नुकसान भी हुआ है। कार्यकर्ताओं की इस हरकत की शिकायत राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मुख्यसचिव से भी करेंगे। उन्होंने बताया कि नेटवर्क दुरुस्त करने के लिए टावर लगाने में सबसे बड़ी बाधा एनओसी की है। इसके प्रकरण नगर निगम में अटके पड़े हैं। इस घटना की नेशनल फेडरेशन आफ टेलीकाम एंप्लाई ने निंदा की है।
पुलिस देर से पहुंची
एक घंटे तक दफ्तर में तोड़फोड़ और हंगामा होते रहा, लेकिन वहां फोर्स भेजना तो दूर पंडरी थाने का स्टाफ तक नहीं पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान वहां मौजूद केवल दो जवानों की आवाज 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के शोर शराबे के बीच दबकर रह गई। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली।
विरोध में रैली निकली
दफ्तर में तोड़फोड़ से पहले भाजयुमो की मोटरसाइकिल रैली ने शहर के विभिन्न मार्र्गो का भ्रमण किया। रैली एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय से निकाली थी। इसमें बीएसएनएल की मोबाइल सेवा से उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानियां झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित की गई थीं। इसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
भाजयुमो के पदाधिकारियों ने बताया कि बीएसएनएल के खिलाफ आज राज्यव्यापारी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। सभी जिलों में बीएसएनएल के दफ्तरों के सामने हंगामा और प्रदर्शन किया गया।
पंडरी टीआई सस्पेंड
बीएसएनल दफ्तर में हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पंडरी के टीआई एसएस परिहार को सस्पेंड कर दिया है। सिटी एसपी डा. लाल उमेद सिंह ने बताया कि घटनाक्रम के दौरान टीआई फोर्स के साथ मौजूद थे। पूरे समय टीआई और फोर्स मूक दर्शक बनकर तमाशा देखती रही। इस वजह से निलंबन की कार्रवाई की गई है। इधर, पुलिस ने संजय श्रीवास्तव व उनके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा व बलवे का केस दर्ज कर लिया है।