News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur लखनपुर(सरगुजा). जिला खाद्य अधिकारी द्वारा जनपद पंचायत लखनपुर के ग्राम पंचायत नरकालो से मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना का 377 बोरी सड़ा चावल जब्त कर सरपंच नरकालो को सुपुर्दनामे में दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत नरकालो में मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना व मध्यान्ह भोजन हेतु कुल 400 बोरी चावल 6 अप्रैल को आया। 7 अप्रैल को सरपंच चमरू सिंह द्वारा वितरण करने पर चावल में बदबू आने के कारण ग्रामीणों ने चावल लेने से इंकार कर दिया।
चावल गोल-गोल लड्डू की तरह होकर सड़ गया था। इसकी जानकारी सरपंच द्वारा खाद्य विभाग को दी गई जिसपर जिला खाद्य अधिकारी श्री पैकरा द्वारा अपनी टीम के साथ मौके पर जाकर 377 बोरी चावल जब्त किया गया। ग्राम पंचायत नरकालो के सरपंच चमरू सिंह ने बताया कि 10 अप्रैल को सुबह परिवहनकर्ता के वाहन क्रमांक सीजी 15 ए 2157 में सड़ा चावल पंचायत भवन से लोड़ कराकर अंबिकापुर वापस पहुंचाने के लए कहा गया। इस पर सरपंच द्वारा सीईओ लखनपुर को जानकारी दी गई।
सीईओ द्वारा चावल ले जाने के लिए मना किया गया। अब चर्चा का विषय यह है कि सड़ा हुआ चावल वितरण के लिए कैसे आया। कुछ लोगों द्वारा यह भी बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल को हुई बारिश से चावल भीग गया होगा और भीगकर सड़ गया होगा। लेकिन 6 अप्रैल को भीगा हुआ चावल 7 अप्रैल को कैसे सड़ जाएगा। यह जांच का विषय है। मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के तहत इस तरह की यह पहली घटना है।