लंदन.
संडे हो या मंडे, रोज मत खाओ अंडे। जी हां, अगर नए शोध पर विश्वास किया जाए तो इस जुमले का ही अनुसरण करना होगा। इस नए शोध के मुताबिक रोज-रोज अंडे खाने से जान के लाले पड़ सकते हैं।
अमेरिकन जनरल ऑफ क्लीनिकल न्यूट्रीशन की हालिया रिपोर्ट में इस बात का संकेत दिया गया है कि सप्ताह में सात या उससे अधिक अंडे खाने पर असामयिक मौत हो सकती है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मध्यम आयु वर्ग के ऐसे लोगों में से करीब 23 प्रतिशत लोगों की असामयिक मौत हो जाती है। इस शोध ने अंडे के अच्छे और बुरे असर के बारे में नई बहस को जन्म दे दिया है। अंडे में कोलेस्ट्रॉल की उच्च मात्रा होती है।
यह मात्रा रक्त में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ा देती है।
इससे हार्ट अटैक की आशंका बढ़ जाती है। शोधकर्ता ल्यूक डी ज्यूस और जे माइकल ने अपने शोध में बताया कि अंडे के ज्यादा सेवन और असामयिक मौत में गहरा संबंध है। उन्होंने यह भी बताया है कि अंडों का ज्यादा सेवन शराब, सिगरेट और ऐसे ही दूसरे प्रकार के नशे की तरह ही है।
उल्लेखनीय है कि भारत में अंडों की काफी खपत है। पिछले दिनों अंडे और मांसाहार को लेकर कई बड़ी बहसें छिड़ चुकी है। कुछ रिसर्च जनरल में प्रकाशित रिपोर्टो में भी शाकाहारी व्यक्तियों को ज्यादा स्वस्थ बताया गया था।