HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

20 लाख की अनियमितता उजागर

नागौर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की एक टीम ने गुरुवार को सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय में छापा मारकर स्कूल बैग खरीद के एक मामले में समय से पूर्व राजकोष से भुगतान उठाने की अनियमितता उजागर की है। विभाग ने एक कंपनी से आधे अधूरे स्कूली बैग खरीदकर उसका पूरा भुगतान उठा लिया और चैक काट दिए जबकि संबंधित फर्म से 16 हजार 600 स्कूली बैग प्राप्त करने शेष थे।

एसीबी टीम ने गुरुवार दोपहर बाद जांच पड़ताल शुरू की जो रात आठ बजे तक जारी थी। एसीबी के डीएसपी नियाज मोहम्मद ने बताया कि नागौर के सर्व शिक्षा अभियान के तहत नवाचारी मद में से एससी-एसटी बालिकाओं के लिए स्कूल बैग क्रय किए जाने आदेश राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा परिषद् के आयुक्तालय से जारी हुए थे। इस आधार पर स्थानीय कार्यालय द्वारा नागौर जिले की बालिकाओं के लिए 36 हजार 600 स्कूली बैग खरीदने के टेंडर जारी किए। इस पर गत 28 फरवरी को किशनगढ़ की फर्म मनीष प्रिंटर्स एवं स्टेशनर्स द्वारा न्यूनतम 55 रुपए प्रति बैग के हिसाब से दर बताने पर उसके नाम टेंडर जारी किया गया।

संबंधित फर्म ने गत 2 अप्रैल तक 36 हजार 600 बैग में से 20 हजार बैग नागौर सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय को सप्लाई किए जबकि शेष 16 हजार 600 बैग की सप्लाई इस फर्म ने आज तक नहीं की। इस बीच सर्व शिक्षा अभियान के कार्मिकों ने संबंधित फर्म के नाम से 36 हजार 600 बैग का भुगतान करने के लिए 20 लाख 13 हजार रुपए के चैक काट लिए और केश बुक में भुगतान का इन्द्राज कर लिया। विभागीय कार्मिकों ने न तो संबंधित फर्म को यह राशि भुगतान की और न ही शेष बैग प्राप्त किए। यानी पूरी सप्लाई प्राप्त किए बगैर ही कार्मिकों ने राजकोष से टेंडर की स्वीकृत राशि उठाकर उसके चैक काट दिए।

यूं खुली पोल >>
एसीबी के जयपुर मुख्यालय को नागौर सर्व शिक्षा अभियान के तहत खरीदे जा रहे स्कूली बैग में गड़बड़झाले की शिकायत एक व्यक्ति ने की थी। इस आधार पर जयपुर मुख्यालय ने गुरुवार को नागौर एसीबी टीम को जांच के आदेश दिए। इस आदेश के तहत नागौर एसीबी टीम ने गुरुवार दोपहर को सर्व शिक्षा अभियान के यहां छापा मारकर कागजों को खंगाला तो यह तथ्य सामने आया कि स्कूली बैग की पूरी सप्लाई लिए बगैर की संबंधित फर्म के नाम से 20 लाख 13 हजार रुपए के चैक काट दिए। एसबी की टीम रात आठ बजे समाचार लिखे जाने तक सर्व शिक्षा अभियान में कागजी दस्तावेजों की जांच कर रही थी।

बैग जब्त, जांच होगी
एसीबी ने किशनगढ़ की फर्म द्वारा सप्लाई किए गए 20 हजार स्कूली बैग को जब्त कर सीज कर लिया है। एसीबी की टीम अब इसके साइज, गुणवत्ता व मानकों की जांच करेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: