जोधपुर. पति-पत्नी का झगड़ा गुरुवार दोपहर महामंदिर थाने तक पहुंच गया। पत्नी ने पति के खिलाफ ही अपहरण करने का मुकदमा दर्ज करवा दिया, वहीं ससुराल वाले ने विवाहिता पर मारपीट व जान खतरे में डालने का आरोप लगा दिया।
पुलिस ने दोनों ही मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महामंदिर थानाधिकारी राजेंद्रप्रसाद दिवाकर ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे फ्लाइंग टू ने एक कार में युवक-युवती को झगड़ते देखा तो उसका पीछा किया। चालक ने कार नहीं रोकी तो पुलिस लक्ष्मीनगर तक पीछा करती रही, बाद में कार को रोक दिया। कार में धर्मनारायणजी का हत्था निवासी मनीष गहलोत व उसकी पत्नी भावना थी जो झगड़ा कर रहे थे।
भावना ने पुलिस को बताया कि मनीष उसे जबर्दस्ती कहीं ले जा रहा है और वह अपने भाई के पास जाना चाहती है। पुलिस उन लोगों को महामंदिर चौराहे के पास स्थित परिहार स्वीट होम तक ले गई जहां भावना का भाई बैठा था। दुकान के आगे ये लोग फिर से झगड़ने लगे तो पुलिस उन्हें महामंदिर थाने ले आई।
पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस थाने में दोनों ही पक्षों के लोग आ गए जिससे वहां काफी गहमागहमी हो गई। भावना व मनीष की शादी करीब पंद्रह वर्ष पूर्व हुई थी और उनके तीन बच्चे भी हैं। पिछले साल भावना ने महिला थाने में मनीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। भावना ने मुकदमा दर्ज कराया कि सुबह पति ने उससे मारपीट की और फिर वह उसे जबर्दस्ती कार में बैठा कर ले गया। उधर मनीष के घरवालों ने रिपोर्ट दी कि भावना ने उनसे मारपीट की तथा हर समय उनकी जान जोखिम में रहती है।