उदयपुर.
यूआईटी 2008-09 के अपना अब तक का सबसे बड़ा बजट शुक्रवार को प्रन्यास की बोर्ड बैठक में रखने जा रही है। 222 करोड़ 36 लाख 91 हजार के बजट में शहर के सौंदर्यीकरण और विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट बैठक से एक दिन पूर्व न्यासियों ने शहर सौंदर्यीकरण व विकास से जुड़े सुझाव पेश किए हैं।
यह प्रावधान है प्रन्यास के बजट में
झीलों का सौंदर्यकरण : प्रस्तावित बजट में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फतहसागर के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख तथा बड़ी तालाब के लिए एक करोड़ सात लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है। पीछोला की रिंग रोड के लिए रोड नेटवर्क योजना के तहत एक करोड़ व सिंचाई विभाग को कंपाउंडवाल के शेष भुगतान के लिए 19.71 लाख का प्रावधान बजट में लिया गया है। उदयसागर पाल के विकास की योजना बनाई जा रही है। झीलों की सफाई के लिए 20 लाख रुपए का भी प्रावधान बजट में रखा गया है। इसके साथ ही आयड़ नदी के विकास व सौंदर्यीकरण पर चार करोड़ के बजट का प्रावधान रखा गया है।
हरी-भरी होगी पहाड़ियां : पर्यटन की दृष्टि से उदयपुर को हराभरा रखने के उद्देश्य से पहाड़ियों के विकास के लिए 70 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।
विकसित होंगे उद्यान : वर्तमान में विकसित किए जा रहे पं. दीनदयाल उद्यान, अंबेडकर पार्क, राजीव गांधी उद्यान, सहेलियों की बाड़ी, संजय गार्डन, न्यास के सामने पार्क एवं विभूति पार्क के लिए बजट में पौधरोपण व पार्क विकास के मद में छह करोड़ 99 लाख रुपए आगामी वर्ष में व्यय किए जाने प्रस्तावित है।
सड़कों पर बजट : सड़कों के निर्माण मद में रखरखाव पर 40 लाख, लिंक रोड यूनिवर्सिटी के लिए 20 लाख, साइफन से बेदला मंदिर सड़क निर्माण के लिए 40 लाख, रानी रोड रिकार्पेटिंग पर 40 लाख, पारस टाकीज से सवीना सर्किल सड़क निर्माण के लिए 20 लाख, ठोकर चौराहा से रिलायंस ऑफिस 95 लाख, भुवाणा सर्किल से प्रतापनगर सड़क के लिए तीन करोड़ 50 लाख, गौरव पथ निर्माण के लिए 7 करोड़ 90 लाख रुपए का प्रावधान भी बजट में शामिल किया गया है।
पार्किग व्यवस्था : विभिन्न स्थानों पर पार्किग सुविधा विकसित करने के लिए बजट में 65 लाख रुपए एवं फुटपाथ विकास के लिए 75.00 लाख रुपए का आय-व्यय अनुमानों में प्रावधान शामिल किया गया है।
ओवरब्रिज : ओवरब्रिज को ध्यान में रखते हुए प्रन्यास द्वारा डीपीआर तैयार कराई जा रही है। इसके लिए दो करोड़ का प्रावधान किया गया है।
गांवों की सड़कें सुधरेगी : नगरीय क्षेत्र के गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने लिंक सड़कों के निर्माण के लिए 7 करोड़ 12 लाख रुपए का प्रावधान आगामी बजट में शामिल किया गया है। इसके साथ ही गांव की सड़कों व नालियों के निर्माण के लिए दो करोड़ का प्रावधान रखा गया है।
अंडरग्राउंड केबलिंग : ओवर हेड विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड केबल डालने का कार्य आगामी वर्ष में प्रारंभ कराया जाएगा, जिस पर 19 करोड़ पचास लाख रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। इससे शहर में फैले बिजली के तारों का जाल भूमिगत हो जाएगा, जिससे शहर की खूबसूरती बढ़ेगी।