बीकानेर. जयपुर के जमुआरामगढ़ के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में इसाई मिशनरी द्वारा पेम्फलेट बांटने की घटना के बाद स्कूलों में धर्म विशेष के प्रचार पर रोक लगाई गई है।
प्रारंभिक शिक्षा आयुक्तालय ने इस संबंध में एहतियात के तौर पर सकरुलर जारी किया है। उपनिदेशक व जिला शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों में धर्म विशेष के प्रचार के मामले में सतर्क रहने को कहा गया है। इस संबंध में संस्था प्रधानों को भी आवश्यक निर्देश जारी करते हुए सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। पिछले दिनों जमुआरामगढ़ के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में भोजनावकाश के दौरान स्कूल के बाहर खेल रहे बच्चों को ईसाई मिशनरी की प्रचार सामग्री का वितरण कर दिया गया था।
कुछ लोग बच्चों के हाथों में पेम्फलेट थमाकर चले गए थे। मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसकी जांच करवाई थी। जांच में संस्था प्रधान को निर्दोष माना गया है। शिक्षा विभाग ने संस्था प्रधान को चेतावनी दी है कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों के प्रति सावधानी बरती जाए।
जयपुर के जिला शिक्षा अधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि विभाग का सकरुलर फिलहाल नहीं मिला है लेकिन स्कूलों को धर्म विशेष के प्राचार का माध्यम नहीं बनना चाहिए। जमुआरामगढ़ के प्रधानाध्यापक को भी हिदायत दे दी गई है।