कोटा.
जिला समान परीक्षा के तहत कक्षा 11 वीं का शुक्रवार को प्रस्तावित हिन्दी का पेपर एक दिन पूर्व गुरुवार रात को बाजार में बिक गया। शिक्षा विभाग को भनक लगी तो अधिकारियों ने परीक्षा निरस्त कर दी और दादाबाड़ी थाने में एक कोचिंग संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
गुरुवार रात दादाबाड़ी क्षेत्र में परचा बिकने की सूचना डीईओ मधु सोरल को मिली थी। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को मौके पर भेजा तो वहां एक व्यक्ति बच्चों को हिन्दी का पेपर 50 रुपए के हिसाब से बेचता हुआ मिला। अधिकारियों को देखते ही पेपर बेचने वाला व्यक्ति वहां से भाग निकला।
अधिकारियों ने कुछ बच्चों से पेपर छीन लिए। पेपर पर एस.एस. कोचिंग क्लासेज लिखा हुआ था। पेपर लेकर डीईओ सोरल दादाबाड़ी थाने पहुंचे और कोचिंग संचालक के खिलाफ लिखित रिपोर्ट दी। पुलिस द्वारा इस मामले में देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
परीक्षा निरस्त : डीईओ सोरल ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 7 बजे होने वाली कक्षा 11वीं के हिन्दी विषय की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। यदि कोई स्कूल उक्त परीक्षा को लेगा तो भी उसे निरस्त माना जाएगा। इस पेपर की अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी।