News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati चूरू/ सालासर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की संकल्प यात्रा के दूसरे दिन गुरुवार को पुरजोर शब्दों में उठी सुजानगढ़ को जिला बनाने की मांग अधूरी रह गई।
हालांकि, सभा के दौरान खनिज राज्य मंत्री खेमाराम मेघवाल ने मंच से सुजानगढ़ को जिला बनाने की मांग रखी, मगर इस पर सीएम की कोई प्रतिक्रिया नहीं देख लोगों में मायूसी छा गई। पूरे भाषण के दौरान भी मुख्यमंत्री ने जिले के संदर्भ में कोई जिक्र नहीं किया। कर्मचारियों को खुश करने के लिए जरूर वसुंधरा राजे ने सुजानगढ़ में उपकोषागार खोलने की घोषणा की। बीदासर उपतहसील को तहसील का दर्जा देने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कमेटी बनाकर सर्वे करवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि पीएमसी के द्वितीय चरण के तहत 856 करोड़ रुपए की योजना का विश्व बैंक से पैसा मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा, जिससे सुजानगढ़ और रतनगढ़ के लोगों को फायदा मिलेगा। सीएम ने चूरू जिले में यात्रा की शुरुआत सिद्धपीठ सालासर धाम में बालाजी के दर्शन कर की। इसके बाद सालासर में 132 केवी जीएसएस, सुजानगढ़ में बस स्टैंड तथा सरदारशहर में मेगा हाईवे का उद्घाटन किया। उन्होंने ताल छापर अभयारण्य का अवलोकन भी किया।
हिरणों का किया दुलार
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गुरुवार को तालछापर अभयारण्य का अवलोकन कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभयारण्य में कुलांचे मारते हरिणों को देखकर मुख्यमंत्री प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकी। मुख्यमंत्री ने प्रवासी पक्षियों के अलावा जीव जंतुओं व पक्षियों पर लगी प्रदर्शनी, रुडा की ओर से संचालित महिला वन शिल्प समिति की ओर से बनाए गए घासफूस के सजावटी सामान को भी देखा।
बस रुकवाई, अंदर बैठी और की बातचीत
सुजानगढ़ से सालासर जाने वाली बस बैठे यात्रियों ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि उनकी बस में प्रदेश की मुख्यमंत्री आकर उनसे हालचाल पूछेंगी। लेकिन गुरुवार को ऐसा ही हुआ। सालासर से सुजानगढ़ जाते समय मुख्यमंत्री ने सुजानगढ़ की ओर से आ रही एक बस को रुकवाया। बस में बैठकर सीएम ने महिलाओं से गांव की समस्याओं के बारे में पूछा। अचानक मुख्यमंत्री को देखकर बस में बैठे यात्री एक बारगी चौंक गए।
सीएम ने सालासर में धोके बालाजी
लक्ष्मणगढ़ के धाननी में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सालासर पहुंचकर बालाजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। हनुमान सेवा समिति की लक्ष्मणगढ़ से सालासर सड़क मार्ग को चौड़ी करने व स्वास्थ्य केंद्र में महिला डाक्टर लगाने की मांग पर सीएम ने हाथों हाथ सड़क मार्ग का काम शुरू करवाने की घोषणा की तथा स्वास्थ्य केंद्र में महिला डाक्टर लगाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री आज राजगढ़-सूरजगढ़ में
मुख्यमंत्री की शुक्रवार को होने वाली सूरजगढ़ व राजगढ़ सभा की तैयारियों को गुरुवार की शाम अंतिम रूप दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों की मौजूदगी में ठेकेदार के लोगों ने रात दिन कार्य कर हेलीपेड, सभा स्थल, टेंट, बेरीकेड्स व हेलीपैड से सभा स्थल तक ग्रेवल रोड बनाकर तैयार कर दी। पीडब्लूडी एईएन बहादूरसिंह एवं ठेकेदार प्रवीण सोमरा ने बताया कि 30 मीटर व्यास की डी के रूप में हेलीपैड तैयार किया गया है। सभा स्थल तक महिलाओं के आने-जाने के लिए रेलवे स्टेशन चुंगी नाके के पास रास्ता बनाया गया है। हेलीपैड व ग्राउंड में मिट्टी नहीं उड़े इसके लिए टैंकरों से पानी का छिड़काव किया जा रहा है।