नई दिल्ली.अगर आपको अक्सर थकान का एहसास होता है तो थोड़ी एक्सरसाइज करना शुरू कर दें। एक रिसर्च के मुताबिक अगर आप रोजाना थोड़ी एक्सरसाइज करते हैं तो आपके एनर्जी लेवल में 20 फीसदी का इजाफा और थकान में 65 फीसदी की कमी आती है।
यूनिवर्सिटी ऑफ जॉर्जिया में रिसर्च को अंजाम देने वाली टीम के सदस्य टिम पुएट्ज ने बताया कि अब तक लोगों को यह लगता था कि एक्सरसाइज करने से थकान आती है, खासकर अगर आप पहले से ही थके हों तो और भी दिक्कत आती है। लेकिन इस रिसर्च से पता चलता है कि रोजाना एक्सरसाइज से शरीर का एनर्जी लेवल बढ़ जाता है। इससे उन लोगों को और भी फायदा होता है जो बैठकर काम करना पसंद करते हैं।
पहले भी कई स्टडीज में यह बात सामने आई है कि एक्सरसाइज करने से एनर्जी लेवल बढ़ता है। 2006 में एक रिसर्च रिपोर्ट से पता चला था कि कैंसर, दिल की बीमारियों और सेहत से जुड़ी दूसरी समस्याओं की वजह से जल्दी थक जाने वाले लोगों को एक्सरसाइज से फायदा होता है।