सिंगापुर में एक ऐसा पूल है, जिसमें आपके नाजुक, रेशमी पैरों और पानी के बीच गुदगुदी-सी करती एक और नन्ही सी चीज है! घबराइए नहीं, ये नन्ही चीजें आपको नुकसान पहुंचाने नहीं बल्कि आपको आराम पहुंचाने और अपना पेट भरने के लिए इस पूल में डाली गई हैं।
सिंगापुर के बड़े आकर्षणों में से एक अंडरवाटर वर्ल्ड में स्थित यह स्पा ‘रिलेक्स’ होने का एक नया व अनूठा तरीका पेश करता है। इसे काफी पसंद भी किया जा रहा है। दो छोटे-छोटे से पूल हैं, जिनमें आप पांव डालकर बैठ सकते हैं। आपके पांव डालते ही छोटी-छोटी टेडपोल्स जैसी दिखने वाली मछलियों का एक जत्था आपके पैरों पर टूट पड़ता है। ये मछलियां ‘टर्किश स्पा फिश’ या ‘गारा रूफा’ हैं जो अधिकांशत: मिडिल इस्ट के गर्म जल स्रोतों, झीलों तथा नदी के थालों में पाई जाती हैं।
इन मछलियों को लगभग 50 के दशक से त्वचा संबंधी उपचार के तौर पर प्रयोग में जाया जा रहा है। इनका काम होता है आपके पांवों से डेड स्किन निकालकर अपना पेट भरना। इससे आपको भी पैरों की बेजान त्वचा से छुटकारा मिल जाता है। इस दौरान आप रिलेक्स महसूस भी करते हैं।