भोपाल नवरात्र के पांचवे दिन गुरुवार को भी देवी मंदिरों में सुबह व शाम भक्तों की भीड़ उमड़ी। नवमी निकट आते ही भगवती जागरण का सिलसिला भी तेज हो गया है। देवी दरबारों गरबा और भजनों की धूम है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार रात भगवती जागरण हुए। शाहजहांनाबाद देवी मंदिर में महाआरती हुई। चूनाभट्टी कोलार रोड स्थित मां कालका बिजासन मंदिर में नियमित हवन और आरती की जा रही है।
नेहरू नगर स्थित करूणाधाम आश्रम में अखंड नाम संकीर्तन किया जा रहा है। इसका समापन दशमी पर होगा। यहां दुर्गा सप्तशती का पाठ चल रहा है। जहांगीराबाद स्थित वसुंधरा बैंक कालोनी के मां आदि शक्ति दरबार में शुक्रवार शाम महाआरती होगी। शिवाजी नगर स्थित जय मां दुर्गे हिंगलाज दरबार में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।
कोलार रोड शिरडीपुरम साईंबाबा मंदिर में नवरात्र पर विशेष पूजा-उपासना की जा रही है। साईं चरित का पाठ भी किया जा रहा है। सप्तमी से नवमी तक अनेक स्थानों पर कन्या भोज व भंडारे होंगे।