इंदौर. पश्चिम रेलवे प्लेटफॉर्म एक के विकास पर करीब एक करोड़ रुपए खर्च करेगा। इसमें महिलाओं के लिए पहले से बड़ा और सुविधाजनक वेटिंग रूम बनेगा और बुकिंग ऑफिस भी शिफ्ट किया जाएगा ताकि यात्री सुविधाओं के लिए ज्यादा जगह जुटाई जा सके।
ए श्रेणी के इंदौर स्टेशन पर सुविधाएं जुटाने के सिलसिले में पश्चिम रेलवे 95.94 लाख रुपए के इन कार्यो के लिए टेंडर बुलाए हैं जो 6 मई को खोले जाएंगे। दोनों काम आठ महीने में पूरे किए जाना हैं। जनसंपर्क अधिकारी नितिन डेविड ने बताया नई सुविधाओं के लिए खाली पड़ी जगह और विभिन्न ऑफिसों की जगह का उपयोग भी किया जाएगा।
इसके लिए मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक का ऑफिस शिफ्ट होगा। महिलाओं के लिए नया वेटिंग रूम वहीं बनेगा। जनसंपर्क विभाग शिफ्ट हटाकर बुकिंग ऑफिस का विस्तार करने की भी चर्चा है। इस हिस्से को बुकिंग ऑफिस के विस्तारित हिस्से से मिला दिया जाएगा। ऐसा होने पर प्लेटफॉर्म एक की दो हिस्सों में बंटी बिल्डिंग एक हो जाएगी। इनके बीच पड़ी खाली जगह (जहां पहले भाप का इंजन रखा था) का भी उपयोग यात्री सुविधाओं के लिए हो सकेगा।
राजकुमार मिल क्षेत्र में दीवार बनेगी :
राजकुमार मिल क्षेत्र में रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण से रतलाम मंडल चिंतित है जिसके चलते दीवार बनाने का निर्णय लिया है। उस पर 21.26 लाख रुपए खर्च होंगे। काम नवंबर तक पूरा होगा।
प्रस्तावित और मौजूदा काम
>> प्लेटफॉर्म तीन-चार पर शास्त्री ब्रिज की ओर शेड का विस्तार चल रहा है।
>> प्लेटफॉर्म पांच की बिल्डिंग के पास एसी वेटिंग रूम बन रहा है।
>> प्लेटफॉर्म पांच को 24 कोचों के लिए बढ़ाया जा रहा है।
>> अगले चरण में प्लेटफॉर्म तीन-चार का भी विस्तार होगा