HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सहकारिता चुनाव में तनाव

रायपुर. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में संचालकों के चुनाव के दौरान शुक्रवार को बैंक परिसर में भारी हंगामा हुआ। कांग्रेसियों ने एक युवक को फर्जी मतदान करते दबोच लिया। पुलिस से भी झड़प हुई।

बैंक परिसर में सुबह से रात तक गहमागहमी बनी रही। भाजपा व कांग्रेस के लोग मतदाताओं को वाहनों में बिठाकर ला रहे थे। कांग्रेस विधायक राजकमल सिंघानिया ने अपनी पार्टी के प्रतिनिधियों के अपहरण का आरोप लगाया था। मतदान के दौरान कांग्रेस की ओर से श्री ंिसंघानिया के साथ विधायक धनेन्द्र साहू, राधेश्याम शर्मा, शेषनारायण शुक्ला, पंकज शर्मा, अग्नि चंद्राकर मोर्चा संभाले हुए थे।

भाजपा की ओर से संसदीय सचिव पूनम चंद्राकर, बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, आरडीए के अध्यक्ष श्याम बैस, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक बजाज सक्रिय थे। एक-एक मतदाता पर निगाह लगी थी। दोपहर करीब 12 बजे दशरथ साहू नामक युवक को कांग्रेसियों ने दबोच लिया। पता चला कि वो युवक मतदाता नहीं है और फर्जी मतदान करने की कोशिश कर रहा था। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

इसी दौरान दो और मतदाताओं ने बताया कि उनके वोट किसी ने पहले से ही डाल दिए हैं। इससे विवाद गहरा गया। कांग्रेस पक्ष के लोग हंगामा करने लगे। नारेबाजी व तनाव के बीच पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो पुलिस कर्मियों से ही झड़प हो गई। मतदान कुछ देर के लिए रोक दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने भास्कर से चर्चा में आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने बड़े पैमाने पर फर्जी मतदान किया। चुनाव जीतने हर तरह के हथकंडे अपनाए गए। वहीं भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बजाज, आरडीए अध्यक्ष श्याम बैस ने कहा कि कांग्रेसी अपनी हार को नहीं पचा पाए।

भाजपा 15, कांग्रेस 8
बैंक में संचालकों के कुल 27 पद हैं। इनमें से सात संचालक निर्विरोध चुने गए हैं। चार पद के लिए एक भी नामांकन नहीं आया। आज 16 पदों के लिए मतदान हुआ। शाम को वोटों की गिनती शुरु हुई और रात करीब आठ बजे परिणाम घोषित किए गए। दावा किया गया है कि आज भाजपा के आठ संचालक जीते हैं और कांग्रेस के आठ। इस तरह 23 में से 15 संचालक भाजपा के हैं। काफी मशक्कत के बाद भाजपा बैंक में अपनी सत्ता बचाने में कामयाब रही। श्री बजाज ने दावा किया कि दो निर्वाचित संचालकों भाजपा समर्थित हैं।

अब भाजपा में द्वंद
बैंक के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों का चुनाव 21 अप्रैल को होगा। निर्वाचित संचालक मंडल नए पदाधिकारियों का चुनाव करेगा। अध्यक्ष पद को लेकर भाजपाई संचालकों में ही द्वंद शुरू हो गई है। योगेश चंद्राकर फिर अध्यक्ष बनने प्रयासरत हैं। विधायक त्रिलोचन पटेल और कुरुद सोसायटी से संचालक बने प्रवीण चंद्राकर भी दावेदार हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: