HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

शहनाइयों में खो न जाए सुराज

रायपुर. 21 अप्रैल से शुरू होने वाले ग्राम सुराज अभियान के दौरान ही विवाह मुहूर्त हैं। गांवों में लोग शादियों में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि अभियान में उनके नहीं रहने का अंदेशा सरकार को भी बेचैन करने लगा है। अफसर-कर्मचारी भी बेचैन हैं कि नौकरी देखें या रिश्तेदारी।

ग्राम सुराज अभियान में अफसरों की टीम को समस्याएं गांव की समस्या पूछने के लिए शादी वाले घर या बारात में जाना पड़ सकता है। शासन ने ग्राम सुराज अभियान को जिन तारीखों पर तय किया है, ठीक उसी दौरान खूब शादियां हैं। जैसे ही अभियान खत्म होगा, दो महीने तक शादी का भी कोई मुहूर्त नहीं है।

ग्राम सुराज अभियान में 21 से 30 अप्रैल तक पूरी सरकार गांव में रहेगी। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री और आला अफसर भी जाएंगे। इसी दौरान रिकार्ड शादियां हैं। अप्रैल महीने में 21 और 27 को ही मुहूर्त हैं। हर गांव में औसतन तीन से पांच घरों में विवाह हो रहे हैं। जाहिर है, पूरा का पूरा गांव शादियों में व्यस्त रहेगा। ग्राम सुराज की टीमें गांव पहुंची भी तो उन्हें बाराती ही मिलेंगे।

सबसे ज्यादा परेशानी मैदानी अफसरों-कर्मचारियों को होगी। उनकी ड्यूटी गांव-गांव में पदयात्रा के लिए लगती है। समस्या उन्हें भी है जिनके यहां शादी है और उन्हें अभियान का जिम्मा मिल जाए। कुछ अफसरों ने माना कि ग्राम पंचायत सचिव से लेकर पटवारी और ब्लाक स्तर के नोडल अधिकारी से लेकर जिले के प्रभारी अफसर तक उस मुद्दे पर असमंजस में हैं।

अभियान के दौरान जरा सी लापरवाही पर सीधे निलंबन कर दिया जाता है। अभी से अवकाश कैंसिल कर दिए गए हैं। छुट्टी तभी मिल सकती है जब अति आवश्यक कार्य हो। अधिकारी इस लिए भी चिंतित हैं क्योंकि मुख्यमंत्री और मंत्री किसी भी गांव में आकस्मिक दौरा करते हैं। इस दौरान अफसर नहीं मिलते तो तत्काल कार्रवाई होती है।

हर गांव में जाएंगे अफसर
सुराज अभियान ने 4-5 अधिकारियों का दल हर गांव में जाएगा। वे लोगों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। जानकारी एक प्रपत्र में भरी जाएगी। हर प्रपत्र में 15-20 बिंदुओं पर जानकारी देनी होती है। शिकायतें भी दर्ज की जाएंगी। अधिकारियों को कुछ गांवों में रात भी बितानी होगी। अभियान की ब्लाक स्तर पर नोडल अधिकारी और जिले में आला अफसर मानीटरिंग करेंगे।

शादियों से असर पड़ सकता है। ग्राम सुराज अभियान की तारीख बढ़ाने पर फिलहाल कोई विचार नहीं किया गया है। फिर भी, परिवर्तन हुआ तो 2-3 दिन पहले जानकारी दे दी जाएगी।
—अजय चंद्राकर, मंत्री, पंचायत-ग्रामीण विकास

अस्त हो जाएगा शुक्र
देव पंचाग के उपसंपादक पं. रमाकांत शर्मा ने बताया कि इस साल विवाह मुहूर्त सबसे कम हैं। इस महीने 17 अप्रैल, 18, 19, 21 और 27 अप्रैल को विवाह के योग हैं। इसके बाद दो महीने बाद शादियां होंगी। 27 अप्रैल के बाद शुक्र अस्त हो रहा है। इस दौरान कोई भी शुभ कार्य नहीं होते। इस वजह से सीधे 8 जुलाई से विवाह का योग बनेगा। काशी के ऋषिकेश पंचांग में 28 अप्रैल को भी मुहूर्त है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: