HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

नया पैटर्न इसी साल

रायपुर. लोक सेवा आयोग के अफसरों की मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग के अफसरों के साथ बैठक के बाद नए पैटर्न को इसी साल से मंजूरी मिलने के आसार हैं। आयोग ने मौजूदा साल में इस पैटर्न को लागू करने की तैयारी कर ली है।

पीएससी ने परीक्षा में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार रोकने के लिए पैटर्न बदलने का फैसला लिया है। नए सिस्टम का खाका चार माह पहले ही तैयार कर शासन को भेजा गया था। आला अफसरों से चर्चा के बाद नए मसौदे पर परीक्षा लेने के मामले में करीब-करीब सहमति बन गई है।

आयोग ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) और दूसरे राज्यों के लोकसेवा आयोगों से भी फीडबैक लिया है। दैनिक भास्कर ने 9 अप्रेल को परीक्षा पैटर्न में बदलाव की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। नए पैटर्न में प्रारभिंक और मुख्य, दोनों परीक्षाओं के पर्चे आब्जेक्टिव टाइप होंगे।

सिलेबस भी नया
राज्य में मध्यप्रदेश के सालों पुराने पाठ्यक्रम के आधार पर परीक्षा ली जा रही है। इस साल नए सिलेबस से ही परीक्षा लेने की तैयारी है। विशेषज्ञों से करीब दो दर्जन विषयों के नए कोर्स बनवाए गए हैं। जून तक हर हाल में सिविल सेवा परीक्षा का विज्ञापन निकाला जाएगा। संभावना है कि नवंबर-दिसंबर में प्रारंभिक परीक्षा होगी। उम्मीदवार नया पैटर्न ठीक तरह से समझ लें, इसलिए परीक्षा का विज्ञापन जारी होने के काफी दिन बाद पर्चे होंगे।

हर साल परीक्षा
आयोग के अफसरों ने कहा कि नए सिस्टम से परीक्षा में समय बचेगा। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की जांच ओएमआर मशीन से की जाएगी। एक साल के भीतर इंटरव्यू और नतीजे का काम निपट जाएगा। जिससे हर साल परीक्षा आयोजित करना आसान होगा।

आयोग समय की बचत करने कई विभागों की कंबाइंड परीक्षा लेने की भी तैयारी कर रहा है। फिलहाल शासन के विभागों में इंजीनियरों की भर्ती के लिए अलग-अलग परीक्षा ली जाती है। कंबाइंड परीक्षा से हर बार विज्ञापन, फार्म, परीक्षा और इंटरव्यू से मुक्ति मिलेगी। उम्मीदवारों को भी प्रत्येक परीक्षा के लिए अलग से फीस नहीं देनी पड़ेगी। इस तरह की परीक्षा को छत्तीसगढ़ कंबाइंड परीक्षा का नाम दिया जाएगा।

नए पैटर्न पर परीक्षा लेने आयोग की तैयारी पूरी है। शासन और विशेषज्ञों से पाजीटिव रिस्पांस मिला है। इसी साल लागू होने की पूरी संभावना है।
-प्रदीप पंत, सचिव, पीएससी





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: