HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

टिकट के लिए दिग्गी को सलाम

रायपुर. singhअविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह से मिलने आज पार्टी के विधायकों, पूर्व विधायकों व पदाधिकारियों की लाइन लगी रही। वे प्रदेश की राजनीति पर चर्चा से बचते हुए पुरानी बातों को याद कर ठहाके लगाते रहे।

श्री सिंह साल में दो बार नवरात्रि के मौके पर यहां आते ही हैं। राज्य बनने के बाद जब भी आए, उनके काफिले में चुनिंदा लोग ही हुआ करते थे। आज नजारा बदला हुआ था। दिग्विजय सिंह से मिलने पार्टी के कई नेता कल रात ही डोंगरगढ़ पहुंच गए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत पूरे समय श्री सिंह के साथ रहे।

काफिला लंबा था और मिलने वालों में ज्यादातर विधानसभा चुनाव की टिकट के दावेदार थे। राजनांदगांव होते हुए श्री सिंह दोपहर करीब तीन बजे रायपुर पहुंचे। उनसे मुलाकात करने वालों में विधायक रविन्द्र चौबे, उदय मुदलियार, गणोश शंकर बाजपेयी, डा. चेतन वर्मा, राजकमल सिंघानिया, ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक धनेश पाटिला, बदरूद्दीन कुरैशी, इमरान मेमन, राधेश्याम शर्मा, रामलाल भारद्वाज. प्रदीप चौबे, लोकेन्द्र यादव, अरूण वोरा, डोमेन्द्र भेड़िया, घनाराम साहू, गुरुमुख सिंह होरा, गंगा पोटाई, पदाधिकारियों में अब्दुल हमीद हयात, इकबाल अहमद रिजवी, संजय पाठक आदि शामिल थे।

गौरीशंकर के घर गए
दिग्विजय सिंह रायपुर आते ही पूर्व विधायक व खनिज निगम के अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल के घर गए। वहां करीब 20 मिनट तक रहे। इसके बाद वे कांग्रेस विधायक राजकमल सिंघानिया के निवास पहुंचे।

राहुल को प्रोजेक्ट करने की जरूरत नहीं
दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को प्रधानमंत्री या किसी भी रूप में प्रोजेक्ट करने की जरूरत नहीं हैं। वे खुद सक्षम हैं। श्री सिंह ने राहुल गांधी पर उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती की टिप्पणी को गरिमा के विपरीत बताया और कहा कि मायावती को दलित व आदिवासी वोट हाथ से निकलने का आभास हो गया है।

दो रुपए किलो चावल देंगे
श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो गरीबों को दो रूपए किलो चावल मिलेगा। वास्तविक गरीबों को लाभ मिले इसके लिए गरीबों की सूची भी दुरुस्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव को ध्यान रखते हुए लोगों को प्रभावित करने तीन रूपए किलो चावल देना शुरु किया है। गरीबों को 15 किलो चावल देकर 35 किलो चावल दर्शाया जा रहा है।

सलवा जुड़ूम संघ की चाल: दिग्विजय
पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह ने डोंगरगढ़ में कहा कि सलवा जुड़ूम आरएसएस और भाजपा की चाल है। इसके कारण आदिवासी शरणार्थियों की तरह जीवन जीने को मजबूर हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत को पहल करनी चाहिए कि नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा इस अभियान से अलग हो जाएं। बाद में उन्होंने रायपुर में पत्रकारों से महंगाई की मुद्दे पर चर्चा की।

श्री सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल की तुलना में यूपीए सरकार के राज में महंगाई कम ही है। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने खाद्यान्न के मामले में सीधी कार्रवाई का अधिकार राज्य सरकारों को दे रखा है। फिर भी यहां की रमन सरकार ने अब तक के कार्यकाल में जमाखोरों व मुनाफाखोरों के खिलाफ एक भी कार्रवाई नहीं की।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: