News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
छत्तीसगढ़ भवन में ‘लाल सलाम’ लिखे कपड़े के दो टुकड़े मिलने से शुक्रवार की सुबह शहर में सनसनी फैल गई। सफेद कपड़े के दो टुकड़ों में स्केच पेन से लाल सलाम लिखकर पोस्ट आफिस के सामने व नेहरू चौक के कार्नर पर लोहे की फेंसिंग से लटकाया गया था। तत्काल आईजी व एसपी छत्तीसगढ़ भवन पहुंचे और निरीक्षण किया।
आज सुबह 6 बजे मार्निग वाक पर निकले कुछ लोगों ने पोस्ट आफिस के सामने स्थित लोहे की फेंसिंग पर सफेद कपड़ा टंगा देखा, जिसमें लाल सलाम लिखा था। इसी तरह का एक कपड़ा नेहरू चौक की ओर भी था, जो लोहे से लटका हुआ था। प्रदेश में नक्सली गतिविधियों के चलते इस घटना से लोगों में सनसनी फैल गई।
छत्तीसगढ़ भवन में वीआईपी ठहरते हैं, जिसके कारण यहां की सुरक्षा व्यवस्था भी पर्याप्त है। ऐसे में लाल सलाम देखकर लोग सकते में आ गए। देखते ही देखते और लोग भी वहां इकट्ठे हो गए। उनमें से एक ने छत्तीसगढ़ भवन के चौकीदार को सूचना दी। चौकीदार ने सशस्त्र बल के जवानों को बताया। सीएएफ के जवान छत्तेराम बंजारे व नित्यानंद तिवारी ने सिविल लाइन थाने में इसकी जानकारी दी। करीब 7 बजे पुलिस छत्तीसगढ़ भवन पहुंची और दोनों कपड़ों को जब्त कर लिया।
सफेद कपड़े के टुकड़े 15 इंच लंबे और 6 इंच चौड़े थे। इसकी जानकारी आईजी राजीवचंद्र श्रीवास्तव व एसपी प्रदीप गुप्ता को होने पर वे छत्तीसगढ़ भवन पहुंचे और यहां का निरीक्षण किया। बाद में आईजी श्री श्रीवास्तव ने पत्रकारों को बताया कि किन्हीं शरारती तत्वों द्वारा सफेद कपड़े में लाल सलाम लिखकर टांग दिया गया है। यह नक्सली झंडा नहीं है। छत्तीसगढ़ भवन में नक्सलियों द्वारा झंडा फहराए जाने की खबर गलत है। अधिकारियों के जाने के बाद सिविल लाइन टीआई आरएन यादव ने छत्तीसगढ़ भवन की तलाशी ली, साथ ही रजिस्टर की भी तलाशी ली है। बहरहाल इस इलाके में पूरे दिन इस घटना की चर्चा रही।
क्या गलत, क्या सही..
पुलिस का मानना है कि कपड़े किसी शरारती तत्व द्वारा लगाए गए हैं, लेकिन ‘लाल सलाम’ लिखे होने के कारण लोग उसे गंभीरता से ले रहे हैं। शहर व आसपास में नक्सलियों की आमदरफ्त बढ़ने का अंदेशा जताया जा रहा था। इसके बाद ऐसी घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।