HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

30 कुली बनेंगे गैंगमैन

बीकानेर. kuliबीकानेर डिवीजन के 30 कुली गैंगमैन बनेंगे। गैंगमैन बनने वाले कुलियों को 15 जून से पहले नियुक्ति दे दी जाएगी। लालूप्रसाद यादव ने 26 फरवरी को संसद में पेश रेल बजट में कुलियों को गैंगमैन बनाए जाने की घोषणा की थी। रेलमंत्री की घोषणा के करीब डेढ़ महीने बाद रेलवे बोर्ड ने कुलियों को गैंगमैन बनाने की तैयारियां शुरू कर दी है। बोर्ड ने कुलियों को गैंगमैन बनाए जाने संबंधी आर्हताएं और निर्देश सभी मंडलों को भेज दिए हैं।

बीकानेर में भी शुक्रवार को ये आदेश पहुंचे। मंडल को मिले आदेश के अनुसार बीकानेर डिवीजन में 30 कुलियों को गैंगमैन की नियुक्ति मिल जाएगी जबकि इसके लिए 39 कुलियों की सूची मंडल ने बोर्ड को भेजी थी। मंडल की ओर से भेजी गई सूची में कई नाम ऐसे भी है जिनकी मौत हो चुकी है। कुछ ऐसे नाम भी शामिल है जिनकी आयु बोर्ड द्वारा गैंगमैन पद के लिए निर्धारित आयु से अधिक है।

कुलियों की नियुक्ति के लिए डीआरएम को एक तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस कमेटी में जूनियर स्केल के तीन अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह कमेटी कुलियों के दस्तावेजों के अलावा उनके स्वास्थ्य जांच की रिपोर्ट भी लेगी, जिसके आधार पर सीनियर डीसीएम कुलियों को गैंगमैन की नियुक्त देंगे। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी पत्र में यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कमेटी अगले दो महीने में सारी प्रक्रिया पूरी कर कुलियों को नियुक्ति दे दें। इन निर्देशों से यह स्पष्ट होता है कि बीकानेर के कुलियों को 15 जून से पहले नियुक्ति दे दी जाएगी।

यह है शर्ते >>
>> पंजीकृत कुलियों की आयु 26 फरवरी 08 से पहले कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 50 वर्ष हो।
>> नियुक्ति के लिए चयनित कुली को लिखना और पढ़ना आता हो।
>> नियुक्ति के बाद कुली को अपना बैज रेलवे में जमा करवाना होगा। उसका हस्तांतरण नहीं किया जाएगा।
>> शारीरिक रूप से फीट होना जरूरी।

बीकानेर मंडल में है 90 कुली पंजीकृत
बीकानेर मंडल में 90 कुली पंजीकृत है। इनमें से 57 बैजधारी कुली बीकानेर डिवीजन में कार्यरत है। बीकानेर और लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर कार्यरत कुलियों की संख्या 40 से अधिक है। पंजीकृत कुलियों में 10-12 की तो मौत हो चुकी है और इतने ही कुलियों की आयु गैंगमैन की नियुक्ति के लिए निर्धारित आयु से अधिक है। ऐसे में बीकानेर मंडल ने नियुक्ति के लिए 39 कुलियों की सूची रेलवे बोर्ड को भेजी थी।

बोर्ड का लेटर मिलते ही खुशी से उछल पड़े कुली
कुलियों को गैंगमैन पद पर नियुक्ति देने का पत्र बीकानेर मंडल कार्यालय मंडल में पहुंचने की सूचना मिलते ही कुली खुशी से उछल पड़े। कुलियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और नियुक्ति मिलने की सारी कार्रवाई को जाना। रेलवे कर्मचारी यूनियन के अनिल व्यास ने जैसे ही उन्हें नियुक्ति संबंधी बोर्ड के निर्देश बीकानेर मंडल को मिलने की सूचना दी कुली खुशी से झूम उठे। भंवर अली और मोहम्मद अली का कहना है कि आखिर ऊपर वाले को हम पर रहम आ ही गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: