HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

इस बार भी प्यास की फांस

अजमेर. बरसों से पेयजल संकट का सामना कर रहे शहरवासियों को इस साल भी किल्लत से निजात मिलने के आसार नहीं हैं। संकट का स्थायी हल निकालने के लिए करोड़ों की लागत से बनी ज्यादातर टंकियां पाइप लाइन से नहीं जुड़ पाई हैं और वन डे स्टोरेज टैंक का काम मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद पूरा नहीं हो पाया है।

सरकार ने अजमेर में जल संग्रहण के लिए डेढ़ वर्ष पहले आधा दर्जन से ज्यादा टंकियां और टैंक बनाने की मंजूरी दी थी। टंकियां बनाने का काम तो पूरा हो गया लेकिन टंकियों से जलापूर्ति के लिए पाइप उपलब्ध नहीं होने से उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। गर्मी की दस्तक, बीसलपुर पाइप लाइन की जर्जर हालत और जल संग्रहण की मौजूदा व्यवस्था को देखते हुए इस वर्ष भी शहर को हमेशा की तरह जल संकट से जूझना पड़ सकता है।

सीएम की घोषणा भी पूरी नहीं
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गत वर्ष 30 अप्रैल को नसीराबाद घाटी स्थित एसआर 7 टैंक के निकट 755 लाख लीटर क्षमता के वन डे स्टोरेज टैंक का शिलान्यास कर 12 महीने में शहर को पाइप लाइन टूटने पर जल संकट से निजात दिलाने का वादा किया था, महकमे के ढीले रवैये के कारण वादा पूरा नहीं हो सकेगा। स्थिति यह है कि इस साल गर्मियों तक भी टैंक निर्माण पूरा हो जाए तो गनीमत है।

माखूपुरा वन डे स्टोरेज टैंक
क्षमता - 755 लाख लीटर
लागत - 10 करोड़ रुपए
अवधि - 12 महीने, 30 अप्रैल 2008
वास्तविक स्थिति - टैंक निर्माण आधा भी नहीं हुआ है। स्थिति यह है कि 9 महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी टैंक का ढांचा ही खड़ा हो सका है। विभागीय अफसरों की अनुशंसा पर ठेकेदार को एक महीने का अतिरिक्त समय दिया गया है, कार्य पूरा करने की अवधि 30 मई कर दी गई है। जानकारों का कहना है कि काम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कार्य पूरा होने में जुलाई तक समय लगेगा।

फरीदाबाग टंकी
लागत- 18 लाख
क्षमता- 7 लाख लीटर
अवधि- अगस्त 06 में शुरू होकर अप्रैल में काम पूरा।
सप्लाई क्षेत्र - फरीदाबाग, महाराणा प्रताप नगर, सांसी बस्ती और भगवानगंज आदि।
वास्तविक स्थिति - टंकी बनकर तैयार है, लेकिन पंप हाउस नहीं बन सके हैं। अधिकारी एक वर्ष से अधिक समय में भी टंकी से सप्लाई के लिए पाइप लाइनें नहीं बिछा सके।

जौंसगंज टंकी
क्षमता - 7. 5 लाख लीटर
लागत - 40 लाख रुपए
आपूर्ति क्षेत्र - जौंसगंज और गढी मालियान क्षेत्र।
मौजूदा स्थिति - टंकी बनकर तैयार हो गई है। पानी भरकर टेस्टिंग की जा रही है। टंकी से पानी सप्लाई करने के लिए कनेक्शन नहीं किए गए हैं।

विष्णु हिल टाउन टंकी
क्षमता - 5 लाख लीटर
लागत - 17 लाख रुपए
आपूर्ति क्षेत्र - कालू की ढाणी, सरस्वती स्कूल के पीछे वाला क्षेत्र और विष्णु हिल टाउन।
मौजूदा स्थिति - टंकी से पेयजल वितरण के लिए पाइप लाइन बिछाना बाकी। टंकी की टेस्टिंग के लिए टैंकरों से पानी भरा गया है। एक महीने तक टेस्टिंग होगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: