अजमेर. झारखंड विधानसभा की अनुकंपा एवं पारिवारिक लाभ समिति के प्रभारी और भाजपा के एमएलए पुतकर हेमझम ने सुप्रीम कोर्ट के उच्च शिक्षण संस्थाओं में ओबीसी के विद्यार्थियों के 27 फीसदी आरक्षण के फैसले का स्वागत किया है। वह शुक्रवार को दरगाह जियारत के बाद खबरनवीसों से बातचीत कर रहे थे।
चाहवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक पुतकर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से समाज के पिछड़े लोगों को लाभ होगा, लेकिन किसी विशेष राजनीतिक दल को इसका फायदा नहीं पहुंचेगा। क्रीमिलेयर को अलग कर देने से जरूरतमंद तबके को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
कोड़ा सरकार दबाव में
पुतकर ने मधु कोड़ा सरकार को बुनियादी सुविधाएं जुटाने में विफल बताते हुए उसे कांग्रेस के दबाव में बताया। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी माखनलाल फोतेदार आए दिन कोड़ा सरकार को गिराने की चेतावनी देते हैं। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में दो वर्ष का समय बाकी है। जनता मधु कोड़े की सरकार से आजिज आ चुकी है।
3 हजार केस लंबित
पुतकर ने बताया कि झारखंड में अनुकंपा की नौकरी और विभिन्न घटनाओं में मारे जाने वाले सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों के लगभग 3000 केस लंबित हैं। इनके निबटारे के लिए पहली बार समिति का गठन किया गया है। इसके अध्यक्ष कांग्रेस विधायक थॉमस हंसदा हैं। हंसदा अस्वस्थ होने के कारण दिल्ली से लौट गए। समिति राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र और गोवा सरकारों द्वारा किए जा रहे उपायों की जानकारी ले रही है।
जियारत की
पुतकर हेमझम ने पत्नी और स्टाफ के साथ दरगाह जियारत की और मजार-ए-शरीफ पर मखमल की चादर व अकीदत के फूल पेश कर मन्नत मांगी। उन्हें खादिम सैयद मुकद्दस मोईनी ने जियारत कराई।