HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

टैंकर में विस्फोट, 7 झुलसे

किशनगढ़. blastनसीराबाद रोड पर उदयपुरकलां गांव के पास शुक्रवार शाम ढाबे पर खड़े टैंकर से अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ निकालते समय विस्फोट हो गया। जोरदार धमाके के साथ टैंकर से लपटें उठने लगीं। विस्फोट के बाद फैली आग ने ढाबे के आसपास खड़े तीन वाहनों को भी चपेट में ले लिया। सात लोग झुलस गए, चार की हालत गंभीर बताई जाती है। सभी को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टैंकर सहित चार गाड़ियां भी आग की चपेट में आ र्गई।

हादसा उदयपुरकलां के पास यादव-यूपी होटल (गोकुलसिंह का ढाबा) पर शाम करीब चार बजे हुआ था। कैमिकल के टैंकर में अचानक आग लगने से विस्फोट हो गया। विस्फोट के साथ ही टैंकर का ढक्कन उछलकर सड़क के दूसरी ओर पहाड़ियों पर जा गिरा। ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। ढक्कन हटने से टैंकर में भरा कैमिकल बाहर निकलने लगा, जिससे चारों तरफ आग फैल गई।

आग ने पास ही खड़े कंटेनर, टैंकर और पिकअप को भी चपेट में ले लिया। जलते वाहनों में बैठे ड्राइवर और खलासी जैसे-तैसे बाहर निकल भागे। इस बीच सात जने आग की चपेट में आ गए। घायलों को पुलिस ने राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल अजमेर रेफर कर दिया गया। उधर, किशनगढ़ से तीन और अजमेर से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंची।

कंटेनर में एक्सपोर्ट क्वालिटी के कपड़े और गिद्दयों की गाठें होने के कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस के अनुसार ढाबे पर कुछ लोग टैंकर से कैमिकल निकाल रहे थे। इस बारे में जांच की जा रही है।

चार सौ प्रतिशत झुलसे
हादसे में झुलसे लोगों में मुंबई निवासी अली हुसैन पुत्र सूरज अली, जम्मू निवासी खालिद हुसैन पुत्र कासुद्दीन, दिल्ली निवासी सुधीर तिवारी पुत्र हेमराज, मानिकचंद पुत्र श्रीपाल यादव, उदयपुरकलां निवासी रामनारायण पुत्र विश्राम, मुंबई निवासी कैलाश पुत्र खुमाराम तथा हरियाणा निवासी जगदीश पुत्र लीलाभाटी शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक चार जने 100 प्रतिशत झुलसे हैं, जबकि तीन 30 से 60 फीसदी जले हैं।

जांच शुरू
एडीएम प्रशासन केके शर्मा, एएसपी बहादुरसिंह राठौड़ और अन्य पुलिस अफसरों ने झुलसे लोगों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। एएसपी राठौड़ ने बताया कि अवैध रूप से टैंकर से कैमिकल निकालने के मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा
टैंकर व पिकअप की आग बुझाने के बाद बंद कंटेनर पर आग बुझाने का कार्य शुरू हुआ। कंटेनर में पड़ा माल जब बाहर निकालने लगे तो सड़क के डिवाइर पर खड़े कई लोग कंटेनर की ओर बढ़ने लगे। बाद में शहर सीआई नरेन्द्र प्रताप सिंह व जाप्ते ने भीड़ को वहां से हटाया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: