HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

सादुलपुर में खुलेगा सैनिक स्कूल

सादुलपुर/चूरू. cmबिजली, पानी व सड़क कार्यो में केंद्र सरकार के असहयोग के बावजूद भाजपा ने राजस्थान को विकसित प्रदेशों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। ये बात मुख्यमंत्री वसुंधराराजे सिंधिया ने शुक्रवार को राजगढ़ की कृषि उपज मंडी प्रांगण में जनसभा के दौरान कही।

जिले में सर्वाधिक सेना में भर्ती वाली तहसील राजगढ़ में मुख्यमंत्री ने सांसद की मांग पर सैनिक स्कूल खोलने के लिए जमीन देने की घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद राजगढ़ में सैनिक स्कूल खुलने का रास्ता साफ हो गया। मुख्यमंत्री ने जमीन चिह्न्ति कर प्रस्ताव भिजवाने के सांसद व अधिकारियों को निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बूंगी-राजगढ़ परियोजना के शुरू हो जाने के बाद इस क्षेत्र के लोगों के लिए पीने के पानी की समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि चूरू-झुंझुनूं जिलों में ताजेवाला हैड से अंतरराज्यीय पानी लाने के लिए बातचीत कर ली है। दोनों जिलों को 1.1 एमएम पानी मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार ने राज्य के जल माफियाओं की कमर तोड़ दी। श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिलों में अब जनता को अंतिम छोर (टेल) तक पानी आने लगा है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत हुए कथित बैग घोटाले के मामले की चर्चा करते हुए बताया कि वे दोषियों को नहीं बख्शेगी।

सभा को सार्वजनिक निर्माण मंत्री राजेंद्र राठौड़, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री प्रो. सांवरलाल जाट, सांसद रामसिंह कस्वां ने भी संबोधित किया। संचालन सरोज हारित ने किया। समारोह में खनिज राज्यमंत्री खेमाराम मेघवाल, जिला प्रमुख कमला कस्वा, विधायक राजकुमार रिणवा, जिलाध्यक्ष ओम सारस्वत प्रधान निर्मला सिंघल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इससे पहले मुख्यमंत्री का हैलीकाप्टर कस्बे से आठ किलोमीटर दूर बने हैलीपेड पर उतरा। मुख्यमंत्री का संभागीय आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक, जिला प्रमुख सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।

घोषणाएं प्रदेश में
शेखावाटी विवि चूरू-झुंझुनूं व सीकर जिलों में से कहीं एक में।
चूरू-झुंझुनूं जिलों में अंतरराज्यीय मीठा पानी लाया जाएगा।

जिले में
राजगढ़-सांखू के 12 किलोमीटर मार्ग को डबल बनाया जाएगा।
दो करोड़ की लागत से चूरू-तारानगर मार्ग को चौड़ा किया जाएगा।
चार करोड़ रुपए खर्च कर तारानगर-साहवा रोड को डबल किया जाएगा।

राजगढ़ तहसील में
सैनिक स्कूल खोलने के लिए जमीन दी जाएगी।
सादुलपुर में 10 उच्च प्राथमिक विद्यालय क्रमोन्नत।
लंबोर व नुहंद में जून 08 तक 33 केवी विद्युत सब स्टेशन।
सिद्धमुख, तारानगर व भादरा के नहर से वंचित गांवों का दुबारा सर्वे होगा।
शहीद स्मारक निर्माण के लिए 10 लाख देंगे।

पूजा-अर्चना बालाजी मंदिर में
सरदारशहर में मुख्यमंत्री ने शुक्रवार शाम श्रीइच्छापूरण बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना व आरती कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मंदिर व्यवस्थापक घनश्याम बिड़ला ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया एवं चुनड़ी ओढाई। मुख्यमंत्री ने मंदिर में बालाजी की आरती उतारी एवं भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।

स्वागत
मुख्यमंत्री वसुंधराराजे का राजगढ़ पहुंचने पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर संस्थाओं व इकाइयों ने स्वागत किया। स्वागत करने वालों में भाजपा नगर मंडल, समग्र समाज, गोसेवा समिति, भाजपा युवा मोर्चा व वन विभाग सहित अनेक संस्थाएं शामिल है। बूंगी से राजगढ़ तक करीब आठ किलोमीटर लंबे रास्ते में जगह-जगह लोग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर खड़े थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: