News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरीशिवपुरी नगर को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय झील सरंक्षण परियोजना शुरू की जा रही है। इस योजना को चरणबद्ध रूप से पूरा करने के लिए विभागीय अधिकारी समय सीमा में कार्यवाही को अंतिम रूप प्रदान करेंगे, जिससे इस योजना का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके। यह बात जिला कलेक्टर मनीष श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।
बैठक में नपा अध्यक्ष जगमोहन सिंह सेंगर सहित अनेक विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि इस योजना के सभी बिन्दुओं पर गंभीरता पूर्वक विचार कर ऐसी रणनीति बनाई जाए जिससे इस योजना का लाभ शिवपुरी शहर की जनता को शीघ्र प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि सीवेज पाइप लाइन की सुविधा से शहर का वातावरण स्वच्छ रहेगा, साथ ही पर्यावरण को भी लाभ पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत गंदा और घरों से निकलने वाला अपजल से निजात मिलेगी, साथ ही नाले, तालाबों और झीलों की भी सफाई की जाकर उन पर घाटों, स्टापडेमों आदि का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा गंदे पानी की सफाई के लिए योजना के अंतर्गत ट्रीटमेंट प्लांट को भी स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना को शिवपुरी नगर की 2040 तक की आवादी को ध्यान में रखते हुए लागू करने की पहल की जा रही है। साथ ही शिवपुरी शहर के सार्वजनिक स्थलों और चुनिंदा वार्डो में 5 बड़े काम्पलेक्स और 14 सामान्य सुलभ काम्लेक्स का भी निर्माण करने का प्रावधान इस योजना के अंतर्गत किया गया है।
उन्होंने कहा कि नगर में जितने भी कार्य कराए जाने हैं उनको चिन्हित किया जा चुका है साथ ही चिन्हित कार्यो की तकनीकि स्वीकृति और प्रशानिक स्वीकृति प्राप्त कर सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जा रहीं हैं। बैठक में उपस्थित नपा अध्यक्ष श्री सेंगर ने बताया कि राष्ट्रीय झील संरक्षण परियोजना के अंतर्गत सभी कार्यवाहियों को विभागीय अधिकारी कर्मचरियों के माध्यम से अंतिम रूप प्रदान करने की पहल की जाएगी।