ऑनलाइन टैक्स में भोपाल अव्वल
भास्कर न्यूज
भोपाल
परिवहन विभाग में ऑनलाइन टैक्स के प्रति प्रदेशवासियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। खास ये कि ऑनलाइन टैक्स के मामले में भोपाल अव्वल है। भोपाल से रोजाना लाखों का ऑनलाइन टैक्स जमा हो रहा है।
प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा सितंबर-07 से शुरू किए गए ऑनलाइन टैक्स सर्विस को बढ़ावा मिलने लगा है। पिछले तीन माह से हर माह लगभग दोगुना टैक्स दाखिल हो रहा है। अभी तक ऑनलाइन टैक्स के मामले में भोपाल प्रदेशभर में अव्वल है। प्रदेश में एक से 10 अप्रैल तक करीब पांच करोड़ रुपए टैक्स जमा हो चुका है। केवल भोपाल से ही डेढ़ करोड़ रुपए का टैक्स शामिल है।
दूसरे नंबर पर इंदौर है। यहां से करीब सवा करोड़ का टैक्स जमा हुआ है। इसके बाद जबलपुर और ग्वालियर हैं, जहां से क्रमश: करीब 80 व 70 लाख का टैक्स जमा हुआ है।
एक माह में 15 करोड़
परिवहन विभाग के मुताबिक ऑनलाइन टैक्स के बढ़ते रुझान को देखते हुए अप्रैल में करीब 15 करोड़ की आय होने का अनुमान है। 10 अप्रैल की स्थिति देखते हुए प्रति दस दिन करीब पांच करोड़ टैक्स जमा होना संभावित है।
नए वाहनों ने बढ़ाई आय
आनलाइन टैक्स के मामले में मुख्यत: नए वाहनों से आय बढ़ी है। विभाग ने नए वाहनों के रजिस्ट्रेशन में ऑनलाइन टैक्स अनिवार्य किया है। भोपाल के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी दिनेश कुमार जैन के मुताबिक प्रत्येक नए वाहन का ऑनलाइन टैक्स जमा होता है। पुराने वाहनों के लिए यह व्यवस्था ऐच्छिक है। विभाग पुराने वाहनों के लिए भी ऑनलाइन टैक्स अनिवार्य करने पर विचार कर रहा है।
इनका कहना है
वाहन संचालकों का रुझान लगातार ऑनलाइन टैक्स के प्रति बढ़ा है। तीन महीनों में टैक्स का भुगतान ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन किया जा रहा है। प्रदेशभर में भोपाल ऑनलाइन टैक्स के मामले में अव्वल है।
-उपेंद्र जैन, उपायुक्त, परिवहन