जयपुर. इंटरनेट लॉटरी के नाम पर ई-मेल के माध्यम से करोड़ों रुपए ऐंठने वाले गिरोह के जयपुर में 80 बैंक खाते और होने की जानकारी सामने आई है। इन खातों में ठगी के शिकार लोगों से करोड़ों रुपए जमा कराए गए थे। इंटरनेट लाटरी का मास्टर मांइड मुंबई में है। एसओजी का एक दल उसे गिरफ्तार करने और मामले की जांच के लिए वहां भेजा गया है।
एसओजी के डीआईजी ए.पोन्नूचामी ने बताया कि जयपुर में गिरोह के और सदस्यों के होने पता चला है। इन लोगों के यहां निजी बैंकों में खाते खुलवाए गए। इन खातों से मुंबई में पैसा निकाला गया। एसओजी को शनिवार को आठ शिकायतें और मिली हैं, जिनमें बीएमडब्ल्यू इंगलैंड द्वारा ई-मेल भेजकर लॉटरी जीतने की सूचना दी गई। इन लोगों के साथ ठगी की गई या नहीं इसकी जांच की जा रही है।
जांच में यह साफ हो गया है कि जितने भी लोगों को ई-मेल से इनाम जीतने की जानकारी दी गई, ये सभी किसी दूसरे देश से भेजे गए। इनमें एक खाड़ी देश से भेजे जाने का अनुमान है। ई-मेल के बारे में पता करने की प्रक्रिया लंबी होने से इसकी जांच में अधिक समय लगेगा।