HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

1000 शिक्षकों को वेतन के लाले

बीकानेर. नया वित्त वर्ष शुरू होने के बाद आधा महीना गुजरने को है लेकिन बीकानेर के करीब 1000 शिक्षकों को वेतन नहीं मिला है। वेतन के मामले में जिला व ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों की ढिलाई के कारण हर माह शिक्षकों को वेतन के लिए तरसना पड़ता है।

शहरी क्षेत्र में कार्यरत करीब 800 शिक्षकों का मार्च का वेतन अब तक नहीं बना है। शिक्षकों ने इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का निर्णय लिया है।मुख्यमंत्री की 14 अप्रैल की बीकानेर यात्रा को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कार्मिकों के हाथ-पैर फूले हुए हैं। डीईओ कार्यालय का डीडीओ शुक्रवार को दिनभर कोष कार्यालय के चक्कर लगाता रहा लेकिन बिल देरी से लाने पर ट्रेजरी ने स्वीकार करने से ही मना कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि वेतन बिल बनाने के समय माह का ऐरियर भी बनता है, जो समय पर कभी नहंी मिलता। शिक्षकों को हर माह ऐरियर का भुगतान अगले माह होता है। गणगौरी तीज किसी तरह मना ली। अब नवरात्रे चल रहे हैं। वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों को यह त्योहार भी उधार पैसे लेकर मनाने पड़े हैं।

नए शिक्षकों का भी वेतन अटका
शिक्षा विभाग ने जिले में पिछले दो-तीन महीनों में आउट ऑफ स्टेट के करीब ढाई सौ शिक्षकों को नियुक्तियां दी थीं, जिनका वेतन भी अब तक नहीं बना है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद भी विभाग शिक्षकों के वेतन बिल ट्रेजरी में प्रस्तुत नहीं कर सका है। नए शिक्षकों को दो-तीन माह का वेतन एक साथ मिलना है। नई नौकरी के पहले वेतन को लेकर शिक्षक उत्साहित रहते हैं। अनेक शिक्षक दूसरे जिलों के हैं, जिन्हें सुदूर ग्रामीण क्षेत्र की स्कूलों में नियुक्तियां मिली हैं। वेतन नहीं मिलने से उन्हें इधर-उधर से उधार पैसे लेकर काम चलाना पड़ रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: