बीकानेर. पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार सुबह हुई बारिश से शहर तर हो गया, वहीं ग्रामीण अंचलों में भी अच्छी बारिश हुई। नोखा तहसील के जसरासर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से मकान का एक कमरा क्षतिग्रस्त हो गया। शुक्रवार देररात शुरू हुई तेज हवाओं के बाद शनिवार तड़के बारिश शुरू हो गई।
सुबह आठ बजे तक शहर में 3.4 और उसके बाद .6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। बारिश की बूंदों के बीच दिन की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ हुई लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर बाद धूप के कारण खुले में खड़ा रहना मुश्किल हो रहा था।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण कोलायत तहसील मुख्यालय पर भी अच्छी बारिश हुई। यहां बूंदाबांदी से शुरू हुआ बारिश का दौर करीब ढाई घंटे तक चला। सुबह के समय हुई बारिश के कारण कपिल सरोवर में भी पानी की आवक हुई। पलाना और नोखा तहसील के जसरासर गांव में भी बूंदाबांदी हुई।
जसरासर में बूंदाबांदी के बाद आकाशीय बिजली गिरने से बजरंगलाल तिवाड़ी के मकान का एक कमरा क्षतिग्रस्त हो गया। इस मकान के पास के बजरंगलाल कस्बां के धर्मकांटे में रखा कम्प्यूटर और एक एसटीडी की प्लेटें जल गई।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिसे रिकार्ड किया गया। बारिश के कारण दिन के तापमान में .6 डिसे की कमी रिकार्ड की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ ऐसे ही सक्रिय रहा तो इस बार तापमान में तेजी नहीं आएगी। इससे गर्मी का असर कम होगा।