HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

फील्ड में रहना है तो ‘फिट’ होकर आइये

बीकानेर. policeराज्य के पुलिसकर्मियों को अपनी ‘चर्बी’ कम करनी होगी। शारीरिक रूप से अनफिट पुलिसकर्मियों को फील्ड पोस्टिंग से हटाया जाएगा और उनकी एपीआर (वार्षिक कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन) में भी मार्किग की जाएगी। पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को अपने पेट की माप सीने की माप से एक इंच कम करनी होगी।

शारीरिक रूप से फिट होने के लिए पुलिसकर्मियों को 30 जून तक का समय दिया गया है। जो पुलिसकर्मी फिट नहीं होंगे उन्हें पुलिस लाइन या बटालियन मुख्यालय में पीटी, परेड, खेलकूद के जरिये मशक्कत करनी होगी। इसके बाद भी जो पुलिसकर्मी अपनी फिटनेस ठीक नहीं कर पाएंगे उन्हें फील्ड पोस्टिंग से हटाया जाएगा और वार्षिक कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन में भी टिप्पणी की जाएगी।

मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों को फिट रखने के लिए पुलिस लाइन, थानों, बटालियन व प्लाटून मुख्यालयों सहित समस्त शाखाओं में रोजाना सुबह-शाम कम से कम आधा घंटा योग, पीटी या खेलकूद करवाने का फरमान जारी किया है।

पुलिसकर्मियों को करना होगा

>> पेट की माप से सीने की माप एक इंच कम करनी होगी
>> अधिकारी-कर्मचारियों को बॉडी मास इंडेक्स 20 से 25 के बीच रखना होगा
>> वेस्ट टू हिप रेटियो पुरुषों के लिए 1.0 सेमी. तथा स्त्रियों के लिए 0.8 सेमी. से अधिक नहीं होना चाहिए।

उच्च अधिकारी रखेंग नजर
राज्य के एडीजी व समस्त आईजी जिला, बटालियन, प्रशिक्षण संस्थान व अन्य इकाइयों के निरीक्षण के दौरान देखेंगे की पुलिसकर्मियों की फिजीकल फिटनेस में सुधार हो रहा है या नहीं।

तीन साल पहले भी की थी कवायद
पुलिस महकमे के तोंदू पुलिसकर्मियों को फिजीकल फिट करने की कवायद तीन साल पूर्व भी की गई थी। पुलिस महानिदेशक की ओर से फरमान जारी होने पर अधिकारी-कर्मचारियों ने अपना पेट कम करने की जद्दोजहद की थी। पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने के लिए योग, प्रशिक्षण, खेलकूद के शिविर आयोजित किए गए। कुछ समय बाद स्थिति वही ‘ढाक के तीन पात’ हो गई।

पुलिस महानिदेशक ने अधिकारी-कर्मचारियों को शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए कहा है। रेंज के अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि पुलिसकर्मियों पर नजर रखें और उन्हें शारीरिक रूप से फिट रखें।
- राजीव कुमार शर्मा, आईजी बीकानेर रेंज





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: