अजमेर. संयुक्त गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में गुर्जर समाज भाजपा का बहिष्कार करेगा।
शनिवार को यहां आए कर्नल बैसला ने सुभाष नगर स्थित उबड़ा का देवरा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सरकार और भाजपा ने गुर्जर समाज के साथ धोखा किया है।
आगामी चुनाव में गुर्जर समाज भाजपा का बहिष्कार कर उसी राजनीतिक संगठन को समर्थन देगा जो समाज को अनुसूचित जनजाति वर्ग में आरक्षण दिलाएगा। उन्होंने कहा कि वे चुनाव के लिए समाज को लामबंद करने में जुटे हुए हैं, किसी भी दल को समर्थन देने का फैसला पूरा समाज करेगा। बहुजन समाज पार्टी को समर्थन के मुद्दे को बैसला ने विधायक प्रहलाद गुंजल व अतरसिंह भडाना का निजी राजनीतिक बताया।
संघर्ष जारी रहेगा
कर्नल बैसला ने कहा कि गुर्जर समाज अनुसूचित जनजाति में आरक्षण प्राप्त करने के लिए समाज का संघर्ष गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा। पिछले आंदोलन की असफलता के लिए उन्होंने सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उतार- चढ़ाव आते रहते हैं, समाज अब पहले से अधिक ताकत के साथ मैदान में उतरेगा जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी।
29 मई को श्रद्धांजलि देंगे
कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला ने बताया कि 29 मई 07 को गुर्जर आरक्षण आंदोलन के दौरान पाटोली और पीपलखेड़ा में मारे गए 26 गुर्जरों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि समाज के लिए शहीद हुए लोगों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचें।
भाजपाइयों को घुसने नहीं दें
कर्नल बैसला ने अजमेर के गुर्जरों से आग्रह किया कि वे भाजपा के पदाधिकारी, विधायक और मंत्रियों को गुर्जर बाहुल्य गांवों में घुसने नहीं दें। यदि कोई आता है तो उसे सबक सिखाकर रवाना कर दें।