मुंबई
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान का यह भ्रम अब टूटता नजर आ रहा है कि वे जिस काम में हाथ डालते हैं वह हमेशा हिट रहता है। अब वे इस बात पर भी आश्वस्त नहीं हैं कि उनका फिल्मी आकर्षण क्रिकेट ग्रांउड में भी काम आएगा या नहीं। शाहरुख ने जब इंडियन प्रीमियर लीग की एक टीम खरीदने की घोषणा की थी, तो अनका यह कदम बिजनेस के हिसाब से सही माना गया था। आज शाहरुख कोलकाता नाइट राइडर्स खरीद कर हैरान-परेशान हैं।
शोएब के बैन ने लूटा चैन
वजह यह है कि रावलपिंडी एक्सप्रेस शोएब अख्तर के बैन के मामले पर उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स में काफी मतभेद हैं। इसके अतिरिक्त टिकटों की कम बिक्री जैसे अन्य मामले भी शाहरुख को परेशान कर रहे हैं।
ये तो सोचा न था
कोलकाता में एक अखबार से शाहरुख ने कहा कि मैंने यह कभी नहीं सोचा था कि नाइट राइडर्स को खरीदने के बाद इतनी समस्याएं उठ खड़ी होंगी। मैं इन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार नहीं था। हालांकि मैं इसके लिए किसी संस्था या संगठन पर दोष नहीं मढ़ रहा हूं।
नींद भी उड़ी खान की
शाहरुख के अनुसार आईपीएल से जुड़ने के वक्त उन्हें इस मेगा टूर्नामेंट की सुनहरी तस्वीर दिखाई गई थी। इसी आधार पर उन्होंने टूर्नामेंट से जुड़ने का निर्णय लिया था। आज वे ठगा महसूस कर रहे हैं। शाहरुख ने कहा कि नाइट राइडर्स को खरीदने के बाद से उनके नींद उड़ गई है। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी व्यक्त की है कि प.बंगाल सरकार इसके लिए करों में कोई छूट नहीं दे रही है, जबकि अन्य सभी केंद्रों ने कर छूट की घोषणा की है।