कोटा.
कोटा एयरपोर्ट से सस्ती दर पर नियमित हवाई सेवा शुरू करने के लिए निजी एयरलाइंस कंपनियां लगातार कोशिश में जुटी हुई हैं। हाल ही में जैक्सन एयरवेज ने भी इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को पत्र भेजकर इच्छा जाहिर की है।
कोटा एयरपोर्ट पर में 18 सितंबर 1994 से 11 मई 1995 तक इसी एयरलाइंस की सेवाएं थीं। इसके बाद से यह एयरपोर्ट नियमित सेवा का इंतजार कर रहा है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी नार्दन रीजन के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर ए मोरूगेसन ने ‘भास्कर’ को बताया कि जैक्सन एयरवेज ने प्रपोजल दिया है। इस पर विचार किया जा रहा है लेकिन, इससे पहले एयरपोर्ट की सिक्योरिटी जरूरी है। गौरतलब है कि इससे पहले एयर डेक्कन, एलायंस एयर और कोटा की एक निजी फर्म ने कोटा से हवाई सेवा शुरू करने में रुचि दिखाई है। सभी के प्रपोजल पेंडिंग हैं।
एयर डेक्कन तथा एलायंस एयर के तो प्रतिनिधि भी पूर्व में ट्रैफिक इनपुट का जायजा लेने के लिए कोटा पहुंचने वाले थे लेकिन, फिलहाल कोई सकारात्मक पहल सामने नहीं आई।
एयरपोर्ट पर लगेंगे नए उपकरण
कोटा एयरपोर्ट पर जल्द ही रिकॉर्ड कम्यूनिकेशन बेहतर करने के लिए डिजीटल वॉयस टेप रिकॉर्डर (डीवीटीआर) सिस्टम के साथ अन्य उपकरण लगने जा रहे हैं। नियमित हवाई सेवा प्रारंभ करने के लिए इन उपकरणों की जरूरत होती है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इसकी मंजूरी दे दी है।
नाइट लैंडिंग की सुविधा
एयरपोर्ट के चारों तरफ सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था के बाद अथॉरिटी यहां नाइट लैंडिंग सुविधा देने पर भी विचार कर रही है।