मुंबई. समुद्री लहरों में फंसे दो प्रेमी जोड़ों को एक बहादुर युवक ने सुरक्षित बचा लिया, लेकिन वह खुद डूब गया। उसकी पहचान मोहन रेडकर के रूप में हुई है। पुलिस इंस्पैक्टर प्रकाश जार्ज ने बताया कि महिंद्रा एंड महिंद्रा में काम करने वाले मैकेनिक मोहन ने समुद्र के किनारे चट्टान पर बैठे रूकयना खान और मोहम्मद इलियास (दोनों 18), रूकसाना (16) और आसिफ खान (17) को आगाह किया था कि पानी बढ़ रहा है। बातचीत में खोए इन चारों को आभास ही नहीं हुआ कि वे समुद्र की उफनती लहरों में फंस चुके हैं।
जांबाज :
मोहन ने उनको बचाने के लिए पहले सहायता जुटाई और एक लंबी रस्सी भी इनकी ओर फेंकी। फिर अपनी जान की परवाह किए बिना समुद्र में छलांग लगा दी। तेज लहरों को हराकर वह चारों को सुरक्षित बाहर ले आया, लेकिन तभी एक बड़ी लहर मोहन को निगल गई। शुक्रवार देर रात उसका शव निकाला जा सका।