गर्मियों का मौसम शुरू होते ही लोग घूमने-फिरने के प्लान बनाने लगते हैं।हमारे सेलिब्ज और कॉपरेरेट जाइंट्स भी घुमक्कड़ी के कम शौकीन नहीं हैं। मौका मिलते ही ये भी अपने पसंदीदा सैरगाहों पर पहुंच जाते हैं।
सुभाष चंद्रा जी टेलीफिल्म्स के चेयरमैन सुभाष चंद्रा वादियों में घूमने की बजाए फुर्सत के वक्त मेडिटेशन और योग की शरण में जाना पसंद करते हैं। इसीलिए वह मुंबई-आगरा हाईवे पर स्थित इगतपुरी के विपासना हाउस में साल के कुछ दिन गुजारकर मानसिक शांति हासिल करते हैं। गुरू गोयनका के शिष्य सुभाष के मुताबिक इससे मन-मस्तिष्क शांत और शुद्ध होता है। गौरतलब है कि इगतपुरी पूरे विश्व में विपासना का सबसे बड़ा केंद्र है।
ट्रैक का जादू भारत के कई अरबपति रेस ट्रैक के भी शौकीन हैं और खाली वक्त ऐसी ही जगहों पर गुजारना पसंद करते हैं। इनमें कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक शपूरजी मिस्त्री, सोशलाइट विजय माल्या और जिंदल स्टील के मालिक नवीन जिंदल भी शामिल हैं। माल्या तो अपना ज्यादातर वक्त शाही याट् पर बिताना पसंद करते हैं, वैसे उनका बैंगलुरु से 60 किमी. दूर कुनीगल में स्टड फार्म है। साल में एक बार वे अपने इन समझदार जानवर दोस्तों के साथ वक्त गुजारने जरूर जाते हैं। वहीं मिस्त्री परिवार के पास सिंधिया परिवार से खरीदा गया 200 एकड़ का फार्म हाउस है। नवीन जिंदल के दिल्ली के नजदीक स्थित फार्म हाउस में 40 बेहतरीन नस्ल के शानदार घोड़े मौजूद हैं। नवीन पोलो के भी शौकीन हैं इसलिए वह इस स्पोर्ट को भी वक्त देना पसंद करते हैं।
कला संग दोस्ती हॉलीडे का नया कंसेप्ट सिर्फ घूमना-फिरना या नई-नई जगहें देखना नहीं है। हर्ष गोयनका, कुमार मंगलम बिड़ला और आदि गोदरेज जैसी हस्तियों के पास कला की भी पारखी नजर है। इसलिए ये अपने कला के खजाने को और ज्यादा रिच बनाने में दिलचस्पी लेते हैं। आदि गोदरेज को यह शौक अपनी सोशलाइट पत्नी परमेश्वर से मिला, उनके पास लगभग 100 पेंटिंग्स का संग्रह है। पिछले दो दशकों से हर्ष गोयनका की गिनती भारत के सबसे बड़े कला संग्राहक के रूप में की जाती है। वहीं कुमार मंगलम बिड़ला ने तो अपने शौक और कला की समझ को परवान चढ़ाने के लिए मुंबई में बिड़ला एकेडमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर का गठन तक किया है। वैसे कुमार मंगलम पूरे परिवार के साथ साल में एक बार लंदन या स्विट्जरलैंड में 10-12 दिन का ब्रेक लेना पसंद करते हैं। उन्हें बैंगलुरु स्थित अपने फार्म हाउस में समय बिताना, पढ़ना और फिल्में देखना भी पसंद है।
अंबानी बंधु रिलाइस इंडस्ट्रीज के लौहस्तंभ मुकेश और अनिल अंबानी कुदरत की खूबसूरत वादियां, डेजर्ट सफारी और वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरीज देखना पसंद करते हैं। अनिल अंबानी ने तो कुछ समय पहले परिवार और दोस्तों के साथ कैलाश मानसरोवर की यात्रा की। वहीं भारती ग्रुप के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल वेकेशन पर तो कम जा पाते हैं लेकिन विदेशी बिजनेस ट्रिप्स के साथ वे छुट्टियों का आनंद उठाते हैं। हालांकि भारत में वह हमेशा ही गोवा के बीच पर छुट्टियां बिताना पसंद करते हैं।
हॉलीवुड हस्तियों का हॉलीडे
स्टीवन स्पीलबर्ग न्यूयॉर्क के अपने बीच साइड बंगले में गर्मियां गुजारना पसंद करते हैं। वहीं ड्रियू बैरीमोर, सारा जेसिका पार्कर और स्कार्लेट जॉनसन जैसी सेलिब्रिटीज मशहूर जगहों के वॉटर फ्रंट सूट्स, कॉटेजेज या फिर पर्सनल मैरीना में रहने की शौकीन हैं। ग्लैमर वर्ल्ड की ये परियां गर्मियों में समुद्र किनारे बने अपने शाही आशियानों में बच्चों के साथ एंजॉय करना ही बेहतर समझती हैं।
हॉलीवुड सेलिब्रिटीज के बीच एक और मशहूर आशियाना कैलिफोर्निया का मालिबू है। ब्रिटनी स्पीयर्स और पामेला एंडरसन जैसी हस्तियां न सिर्फ मालिबू में रहती हैं बल्कि यहां के समुद्री तटों का आनंद लेने में भी पीछे नहीं रहतीं। पेसिफिक कोस्ट पर स्थित मालिबू के आकर्षक समुद्र तट पर तो कई लोग किराए पर घर लेकर रहना पसंद करते हैं। दूसरी ओर लिंडसे लोहान, माइकल जॉर्डन ‘पैराडाइज आइलैंड’ यानी बाहमास में छुट्टियां बिताना पसंद करते हैं। बाहमास के 63 एकड़ में फैले एक्वेरियम में मछली और सॉल्ट वॉटर में रहने वाली कई प्रजातियां पाई जाती हैं।