HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

कम दबाव से आ रहा पानी

भोपाल. गर्मी के तेवर तीखे होते ही राजधानी में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। अरेरा कालोनी और तुलसी नगर सहित कई इलाकों में पानी कम दबाव से आ रहा है। जवाहर चौक, शास्त्री नगर एवं आसपास के क्षेत्र में मटमैला पानी आने की शिकायतें मिल रहीं हैं।

दोनों मुख्य जलस्रोतों बड़ा तालाब और कोलार जलाशय में पर्याप्त पानी होने के बावजूद राजधानीवासी जलसंकट झेल रहे हैं। अरेरा कालोनी ई-2 और ई-3 सेक्टर के रहवासियों की शिकायत है कि उन्हें पिछले एक सप्ताह से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। ई-3 में रहने वाले देवेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि सुबह के समय बमुश्किल दस मिनट पानी मिल रहा है।

तुलसी नगर, शिवाजी नगर व टीटी नगर में भी दस बारह दिन से पानी कम मिल रहा है। तुलसी नगर में रहने वाले विशाल दीक्षित के अनुसार पानी का दबाव इतना कम है कि ऊपरी मंजिलों में रहने वालों को पानी नहीं मिल रहा। अन्य सरकारी मकानों में भी यही स्थिति है। हाउसिंग बोर्ड कालोनी, करोंद में रहने वाले बाबू शर्मा ने बताया कि यहां एक दिन छोड़ कर पानी सप्लाई हो रहा है।

गंदे पानी की शिकायतें: अरेरा कालोनी के ई-7 सेक्टर में एक बार फिर मटमैला पानी आने की शिकायतें आ रही हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल भी यहां सीवेज मिला पानी सप्लाई होने की शिकायत मिली थी, इसके बाद निगम प्रशासन ने एक हिस्से की पाइप लाइन बदली थी।

यहां रहने वाले आरके दुबे के अनुसार अब भी यहां बड़े हिस्से में पाइप लाइन और सीवेज लाइन बिछी हुई है। शास्त्री नगर, सरस्वती नगर, जवाहर चौक व आसपास के क्षेत्रों में भी इन दिनों मटमैला पानी आ रहा है। नेहरु नगर निवासी ह्रदेश तिवारी के अनुसार शुरू के पांच मिनट नल में से गंदा और बदबूदार पानी आता है। अशोका गार्डन, ऐशबाग व अन्य क्षेत्रों की कालोनियों में भी यही स्थिति है।

क्या है वजह?

नगर निगम जलकार्य विभाग के सूत्रों के अनुसार इन दिनों जलप्रदाय के समय की जाने वाली बूस्टिंग बंद कर दी गई है। कहा जा रहा है कि बूस्टिंग करने से दूरस्थ इलाकों में पानी नहीं पहुंचता था। इसके अलावा गर्मी में पाइप लाइन से सीधे मोटर लगा कर पानी खिंचने की घटनाएं बढ़ जाती हैं और मुख्य पाइप लाइन के वाल्व से भी चोरी अधिक होने लगती है।

इनका कहना है

शहर में जलप्रदाय में कोई कटौती नहीं की गई है। कुछ क्षेत्रों से शिकायतें मिली थीं। मैंने अधिकारियों को उनका निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। पाइप लाइन में मोटर लगाने वालों के खिलाफ भी अभियान जारी है।

- सुनील सूद, महापौर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: