HomeNewsMetrosIndore Indore

कैशियर की हत्या व लूट में तीन गिरफ्तार

इंदौर. माणिकबाग ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को यूनियन बैंक के हेड कैशियर ब्रजमोहन गुप्ता की हत्या कर 20 लाख रुपए की लूट में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे 10.70 लाख रुपए, कैश की पेटी, बाइक और चाकू भी जब्त हो गए हैं। चार आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश में पुलिस दल भेजे गए हैं। वारदात का षड्यंत्र रचने वाले रतलाम के कांग्रेसी नेता के पुत्र को भी देर रात हिरासत में ले लिया गया। वारदात का पर्दाफाश करने में एक महिला की भूमिका भी अहम रही।

एसपी अंशुमान यादव व एडीशनल एसपी मनोज सिंह ने संवाददाताओं को बताया 11 अप्रैल को हुई इस वारदात के बाद पुलिस की छानबीन एक बाइक के पीछे बड़े आकार में लिखे दो अंकों 74 पर केंद्रित थी। शनिवार को सूर्यनगर की एक महिला ने एसपी को सूचना दी कि बाराभाई की बस्ती का राहुल पिता कैलाश ओरे व साथी किराएदार के मकान में देखे गए। उनके पास एक भारी पेटी थी और कपड़ों पर खून के छींटे भी थे।

सभी बहुत जल्दबाजी में थे। इस पर राहुल को पकड़ा तो वह कई घंटे बरगलाता रहा और टूट ही गया। उसने कबूला वारदात प्रदीप पिता सूरजनमल सावरे (25) निवासी बक्षीबाग, बंटी उर्फ रतनलाल शर्मा (19) निवासी बड़ा रावला, सोनू उर्फ हेमराज निवासी अहिल्या पल्टन, अशोक बैरवा निवासी बाणगंगा तथा बब्बी उर्फ रवि गौड़ निवासी गफूर खां की बजरिया के साथ की है।

रतलाम के कांग्रेसी नेता का बेटा व साथी सूत्रधार

राहुल ने बताया लूट की साजिश घनश्याम चौधरी निवासी राऊ तथा जावेद शेरानी निवासी रतलाम ने रची। जावेद रतलाम के पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रफीक का बेटा है और कई लूट कर चुका है। कुछ दिन पहले उसने रतलाम में एक सोयाबीन प्लांट के मैनेजर को लूटने का प्रयास भी किया था। दिसंबर में वह डकैती के प्रयास में प्रदीप के साथ रतलाम जेल में बंद हुआ था और हाल ही में जमानत पर छूटा। घनश्याम को पता था यूनियन बैंक से हर शुक्रवार भारी राशि रिक्शे में ले जाते हैं। यह बात उसने अशोक व सोनू को बताई। इस पर करीब चार सप्ताह पहले सभी राजबाड़ा के पास मिले और साजिश रची। वारदात के दिन जावेद नहीं था। घनश्याम मोबाइल पर रिक्शा की जानकारी दे रहा था।

पेटी नहीं दी इसलिए मार डाला

बदमाशों ने जैसे ही ओवरटेक कर रिक्शा रोका श्री गुप्ता ने पेटी कसकर पकड़ ली। इस पर अशोक ने गोली चला दी। अन्य बदमाशों ने विकास को चाकू मारा और रुपए लूटकर भाग निकले। वहां से सीधे सूर्यनगर में राहुल के किरायेदार के घर पहुंचे। वहां ताला लगा था तो दूसरे रास्ते कमरे में घुसे और कपड़े बदले। सोनू की खून से लथपथ शर्ट छत पर पटकी और पेटी लेकर बंटी के घर सिरपुर पहुंचे। इसी बीच बाइक की नंबर प्लेट भी बदल दी।

भूसे में दबा दिए थे रुपए

बंटी के घर पेटी से रुपए निकालकर कुछ दूर भूसे में दबा दिए। अगले दिन बंटवारा किया और अपने-अपने घर चले गए। इसी बीच, रविवार तड़के पुलिस ने बंटी के घर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर पेटी व रुपए जब्त कर लिए। इसके बाद प्रदीप को गिरफ्तार किया। उसने अपना और जावेद का हिस्सा पाटनीपुरा क्षेत्र में एक परिचित के यहां रखा था। तीनों से 10.70 लाख रुपए, राहुल की बाइक व चाकू बरामद किया।

बैंक से जुड़ी कड़ी पर नजर

वारदात के बाद से सोनू, अशोक, बब्बी व घनश्याम फरार है। देर रात पुलिस ने जावेद को रतलाम में पकड़ा। बैंक से रुपए ले जाने और रिक्शा में कैशियर के साथ एक महिला के जाने की जानकारी घनश्याम को थी, उसे कैसे मिली इसका खुलासा उसकी गिरफ्तारी पर ही हो पाएगा।

नकाब में छिपे चेहरे

- सभी बदमाशों की उम्र 19 से 25 वर्ष है और शिक्षा दसवीं-बारहवीं।

- राहुल बेरोजगार है।

- प्रदीप बकरों की कारोबार करता है।

- बंटी किसी कॉल सेंटर में काम करता था। इन दिनों बेरोजगार।

- बंटी व राहुल पर मारपीट व छेड़छाड़ के मामले दर्ज हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: